
Ranchi: प्रदेश कांग्रेस भवन में मंगलवार को पार्टी के सदस्यता अभियान की स्थिति की समीक्षा की गयी. कांग्रेस सदस्यता अभियान के प्रभारी रामाश्रय प्रसाद की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में अभियान को गति दिये जाने पर भी चर्चा हुई. प्रसाद ने मोबाइल पर कांग्रेस के सभी जिलाध्यक्षों से बात कर विस्तृत और अद्यतन स्थिति की जानकारी ली. निर्देश दिया कि अपने जिले और प्रखंडों में सदस्यता अभियान में और भी तेजी लाएं. साथ ही कहा कि बहुत जल्द सभी जिलों में सदस्यता अभियान की प्रभारी की नियुक्ति कर दी जायेगी.
प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष राजेश ठाकुर के निर्देश पर जल्द ही इस पर काम हो जायेगा. इसके बाद पंचायत तथा वार्ड स्तर तक सदस्यता अभियान को गति मिल सकेगी. सदस्यता अभियान के सह प्रभारी मदन मोहन शर्मा ने कहा कि झारखंड में ज्यादा से ज्यादा सदस्य बनाने का काम जारी है.
युवाओं, महिलाओं, छोटे व्यापारियों का झुकाव अब कांग्रेस की ओर हो रहा है. उम्मीद है कि जल्द ही बड़ी संख्या में पार्टी से कई लोग जुड़ेंगे. बैठक में पार्टी प्रवक्ता राकेश सिन्हा, सतीश पॉल मुंजनी, रविन्द्र झा भी उपस्थित थे.
इसे भी पढ़ें – सवारी पर 60 लोग ऊपर-नीचे सवार हो 25 किलोमीटर दूर पहुंचे आधार बनवाने, बैरंग लौटे




