
Chhaya
Ranchi : राज्य में फिर से स्टार्ट अप पॉलिसी बनायी जा रही है. राज्य में स्टार्ट अप स्किम साल 2016 में लागू की गयी थी जो साल 2021 में लैप्स कर गयी. अब आईटी विभाग की ओर से फिर से स्टार्ट अप पॉलिसी बनायी जा रही है. संभावना है कि पॉलिसी में कुछ संशोधन भी किये जायेंगे. जिसके बाद अगले साल राज्य में नयी स्टार्ट अप पॉलिसी लागू की जायेगी. फिलहाल आईटी विभाग और उद्योग विभाग की ओर से इस पर काम जारी है. अगले साल मार्च तक पॉलिसी लागू करने की योजना है. बता दें किसी भी पॉलिसी को सरकार पांच साल के लिये लागू करती है. पॉलिसी की सफलता को ध्यान में रखते हुए पांच साल के बाद फिर से बनायी जाती है. इस साल राज्य में नयी इंडस्ट्रीयल पॉलिसी लागू की गयी है. जिसे ध्यान में रखते हुए स्टार्ट अप पॉलिसी बनायी जा रही है.
नये सीईओ नियुक्त किये जायेंगे
नयी पॉलिसी लागू होने के साथ ही स्टार्ट अप के लिये नये सीईओ नियुक्त किये जायेंगे. जिसके बाद राज्य में स्टार्ट अप को नयी गति मिलेगी. इस साल अप्रैल के बाद से राज्य में स्टार्ट अप के तहत रजिस्ट्रेशन बंद है. राज्य में स्टार्ट अप के लिये अटल इनोवेशन लैब गठित किया गया है. जो राज्य में स्टार्ट अप पॉलिसी के तहत काम करती है. नयी पॉलिसी के बाद लैब के लिये सीईओ नियुक्त किये जायेंगे. फिलहाल लैब में पूर्व के लगभग पांच सौ आवेदन लंबित है. स्टार्ट अप के स्टेट नोडल ऑफिसर शंकर वर्मा ने बताया कि नयी पॉलिसी बनायी जा रही है. लागू होने के बाद नये उद्यमियों को लाभ मिलेगा.
2019 में खत्म हुआ करार
पूर्व में आईआईएम अहमदाबाद राज्य में स्टार्ट अप की मेंटॉर रही. साल 2019 दिसंबर में आईआईएम के साथ राज्य सरकार का करार खत्म हुआ. इसके साथ ही राज्य में स्टार्ट अप के तहत रजिस्ट्रेशन भी बंद हो गयी. कुछ समय के लिये विभाग की ओर से अपने स्तर पर नये उद्यमियों का रजिस्ट्रेशन शुरू किया गया. लेकिन पॉलिसी लैप्स करने के बाद रजिस्ट्रेशन पूरी तरह बंद है. फिलहाल विभाग के द्वार नये मेंटॉर की तलाश की जा रही है.




