
- लोगों को सुरक्षित वाहन चलाने के लिए दिलायी गयी शपथ
- सांसद संजय सेठ ने किया शुभारंभ, बाइक रैली और जागरुकता रथ को किया गया रवाना
Ranchi: रांची में सोमवार से राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2021 की शुरुआत हो गयी. सुरक्षित वाहन चलाने के लिए शपथ दिलाने के बाद बाइक रैली और जागरुकता रथ को हरी झंडी दिखा कर राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का शुभारंभ किया गया. इस दौरान रांची के सांसद संजय सेठ ने जिले वासियों से अपील करते हुए कहा कि जिला प्रशासन द्वारा चलाये जा रहे इस अभियान में लोग सहयोग करें एवं सड़क
इसे भी पढ़ें :रांची-टाटा रोड पर बुंडू के पास कार खाई में गिरी, सभी चार लोग सुरक्षित
सुरक्षा से संबंधित नियमों का पालन अवश्य करें. ताकि, सड़क दुर्घटनाओं में कमी लायी जा सके. उन्होंने बताया कि पूरे एक माह तक राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का आयोजन 18 जनवरी 2021 से 17 फरवरी 2021 तक किया जायेगा. जागरुकता रैली के आयोजन के माध्यम से शहर के मुख्य चौक-चैराहों में सड़क सुरक्षा से संबंधित प्रचार-प्रसार कर लोगों को यातायात सुरक्षा एवं नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया जायेगा.
जिला परिवहन पदाधिकारी ने कहा कि सड़क दुर्घटना की वजह से होनेवाली क्षति एक ऐसी क्षति है जिसकी पूर्ति करना संभव नहीं है. इसलिए आवश्यक है कि हम सभी सावधान होकर वाहन चलायें और दूसरे को भी इसके लिए प्रेरित करें. ताकि, सड़क सुरक्षा संबंधित नियमों का पालन किया जा सके. जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी लायी जा सके. लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरुकता के लिए जिले में कई कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे. विद्यालयों में निबंध, स्लोगन, पेंटिंग प्रतियोगिता, नुक्कड़ नाटक, हस्ताक्षर अभियान तथा अन्य कार्यक्रम भी आयोजित किये जायेंगे.
इसे भी पढ़ें :राहुल गांधी से मिले हेमंत, 20 सूत्री समितियों के गठन सहित कई मुद्दों पर हुई बातचीत
लोगों को रोड सेफ्टी की दिलायी गयी शपथ
राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2021 के शुभ अवसर पर लोगों को शपथ दिलायी गयी – हम सब शपथ लेते हैं कि हम सब सड़क पर वाहन चलाने के समय सभी सड़क सुरक्षा संबंधी बातों का ध्यान रखेंगे, हम सब सड़क एवं यातायात संबंधी नियमों का पालन करेंगे, हम अपने एवं सड़क पर चलनेवाले अपने सभी साथियों की सुरक्षा का ध्यान रखेंगे. हम समर्पित भाव से सड़क सुरक्षा पर नियमित रूप से कार्य करेंगे तथा दूसरों को भी शिक्षित एवं जागृत करने के लिए प्रेरित करेंगे, हम सड़क पर दुर्घटना पीड़ित व्यक्ति की मदद करने में हमेशा अग्रसर रहते हुए एक स्वच्छ-स्वस्थ-सुरक्षित सड़क संस्कृति विकसित करने का प्रयास करेंगे.




