
Giridih : सड़क लूट की घटना को अंजाम देने के लिए बिहार के जमुई से झारखंड पहुंचे छह अपराधियों को गिरिडीह के तिसरी में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. उनके पास से दो लोडेड पिस्टल और तीन मोबाइल फोन बरामद किये गये हैं.
अंतरराज्यीय गिरोह के अपराधियों को लोकायनयनपुर पुलिस ने सोमवार शाम को वाहन जांच अभियान के दौरान पकड़ा.
गिरफ्तार अपराधियों में कार्तिक दास, दयाकिशोर दास, संजय रविदास, योगेन्द्र दास, संजय दास और संजय साव शामिल हैं.
मंगलवार को पुलिस लाइन में प्रेसवार्ता कर एसपी सुरेन्द्र झा ने बताया कि लोकायनयनपुर पुलिस के हत्थे सभी अपराधी जमुई जिला के खैरा थाना क्षेत्र के कारीटांड, चंदरवर के रहने वाले हैं.
एसपी ने यह भी बताया कि वाहन जांच अभियान के क्रम में लोकायनयनपुर पुलिस को यह सफलता सीआरपीएफ 7वीं बटालियन के एस-7 कंपनी के निरीक्षक समेत सीआरपीएफ व जिला पुलिस बल के संयुक्त कार्रवाई के दौरान मिली.
इसे भी पढ़ें : नियुक्ति नियमावली बनने के बाद भी नहीं निकाला गया एएनएम, जीएनएम अनुबंधकर्मियों की नियुक्ति का विज्ञापन, हड़ताल में कर्मी
सीआरपीएफ के साथ ज्वाइंट वाहन चेकिंग
एसपी ने बताया कि जमुई और लोकायनयनपुर के टी प्वांइट पर जिला पुलिस और सीआरपीएफ ज्वाइंट वाहन जांच अभियान चला रही थी. इसी दौरान एक बाइक पर दो सवार गुजर रहे थे. पुलिस को देखते ही दोनों ने भागने का प्रयास किया. लेकिन पुलिस जवानों ने दोनों को खदेड़ कर दबोच लिया.
दोनों बाइक सवारों के पीछे ही सफेद रंग के टाटा माजा में चार और अपराधी सवार थे. टाटा माजा को भी रोका गया. पुलिस पदाधिकारियों ने दोनों वाहनों में सवार लोगों की तलाशी शुरू की. इसमें कार्तिक दास के कमर में लोडेड पिस्तौल के साथ-साथ एक मोबाइल फोन मिला. दयाशंकर दास के पास से भी दो जिंदा गोलियों के साथ एक मोबाइल फोन और अपाची बाइक बरामद हुई.
इसे भी पढ़ें : नियुक्ति नियमावली बनने के बाद भी नहीं निकाला गया एएनएम, जीएनएम अनुबंधकर्मियों की नियुक्ति का विज्ञापन, हड़ताल में कर्मी
पहले भी जेल जा चुके हैं संजय व दयाकिशोर
पूछताछ में अपराधियों ने खुलासा किया कि शराब के अवैध कारोबार और सड़क लूट के आरोप में संजय साव और दयाकिशोर दास पहले भी जेल जा चुके हैं. वैसे पूरा गिरोह लोकायनयनपुर के रास्ते गिरिडीह में किसी सड़क लूट की घटना को अंजाम देने के लिए पहुंचा था.
प्रेसवार्ता के दौरान एसपी ने कहा कि गिरोह जमुई में सड़क लूट की कई घटनाओं को अंजाम दे चुका है. लिहाजा, गिरफ्तार अपराधियों को रिमांड पर लेकर पुलिस पूछताछ करेगी। जमुई के केस भी खंगाले जाएंगे.
गिरोह को दबोचने में मिली सफलता पर एसपी झा ने लोकायनयन थाना प्रभारी व एसआई सुनील सिंह को रिवार्ड देने की भी घोषणा की.
इसे भी पढ़ें : देखें वीडियोः पानी मांगने गये लोगों को पार्षद ने दुत्कारा, कहा- आप वोटर नहीं, अपने मकान मालिक से मांगें पानी




