
रामगढ़ : इंडिजेनस ट्रस्ट के तत्वावधान में रामगढ़ जिला के चेटर गाँव में रविवार को दिशुम गुरुजी की जयंती श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य रूप से उपस्थित दिशुम गुरु स्व शिबू सोरेन की भतीजी एवं गोला जिला पार्षद रेखा सोरेन ने दिशुम गुरुजी के चित्र पर फूल-मालाएं अर्पित कर, पुष्प गुच्छ चढ़ाकर तथा पारंपरिक आदिवासी रीति-रिवाजों के साथ की गई।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने गुरुजी के आदर्शों, संघर्षों और विचारधारा पर चलने का संकल्प लिया। मौके पर मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि दिशुम गुरुजी ने जीवन भर आदिवासी समाज के अधिकार, जल-जंगल-जमीन की रक्षा और सामाजिक न्याय के लिए संघर्ष किया। उनका जीवन आज भी हम सभी को एकजुट होकर समाज के लिए काम करने की प्रेरणा देता है।
इस अवसर पर चेटर गाँव में सामाजिक सरोकार को ध्यान में रखते हुए कंबल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें दर्जनों बुजुर्गों, महिलाओं एवं जरूरतमंद लोगों के बीच कंबलों का वितरण किया गया। कहा गया कि यह सेवा कार्य गुरुजी के जनकल्याणकारी विचारों को आगे बढ़ाने का प्रतीक है।
वही कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे इंडिजेनस ट्रस्ट के अध्यक्ष रामचंद्र मुंडा ने कहा कि दिशुम गुरुजी केवल एक नेता नहीं, बल्कि आदिवासी अस्मिता के प्रतीक थे। उनके संघर्षों के कारण ही आदिवासी समाज को नई पहचान और दिशा मिली। जबकि संचालन कर रहे इंडिजेनस ट्रस्ट के सचिव मनीष मुंडा ने अपने वक्तव्य में कहा कि दिशुम गुरुजी झारखंड आंदोलन के अग्रदूत रहे। उनके त्याग, संघर्ष और नेतृत्व के परिणामस्वरूप ही अलग झारखंड राज्य का सपना साकार हुआ। उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। साथ ही सभी ने गुरुजी के विचारों को जन-जन तक पहुँचाने और आदिवासी समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करने का संकल्प लिया। मौके पर मोहरलाल पहान, तेज नाथ बेदिया, नवरतन मुंडा, कपिल पहान, सुरेश मुण्डा सहित कई मौजूद थे।




