
Palamu : अपने एक रिश्तेदार के घर आये एक युवक की पत्थर से कूचकर हत्या कर दी गयी. उसका शव घर से कुछ दूर जंगल से बरामद किया. मामला पलामू जिले के नावाबाजार थाना क्षेत्र के कंडा व इटको पंचायत के सीमावर्ती सिंजो चेंजर गांव के फटलाही टोंगरा का है. युवक की पहचान सरौना निवासी स्वर्गीय दशरथ सिंह के पुत्र योगेंद्र सिंह (25 वर्ष) के रूप में हुई है. घटना शनिवार की रात्रि की है.
जानकारी के मुताबिक योगेन्द्र अपने फूफा के यहां आया था. रात में खाना खाने के बाद सो गया. सुबह में रिश्तेदार उसे घर में नहीं पाये. उसके गायब होने पर रिश्तेदारों ने खोजबीन शुरू की. बाद में रविवार को गांव के बगल में सुनसान माचा के बगल में करीब 500 मीटर दूरी पर मृतक का शव पाया गया. ग्रामीणों ने शव होने की सूचना नावाबाजार थाना को दी. सूचना पर योगेंद्र के परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान की.
बाद में सूचना पर घटनास्थल पर पहुंचे एएसआई विरू पासवान ने ग्रामीणों की मदद से शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल में भेज दिया. घटना की जानकारी मिलने पर नावा बाजार जिला परिषद अनुज राम, समाजसेवी कलाम अंसारी, इटको पंचायत मुखिया अजय कुमार उर्फ दीपक गुप्ता, निर्मल यादव, रक्षेया यादव सहित दर्जनों लोग घटनास्थल पर पहुंचे थे. सभी ने घटना पर दुख व्यक्त किया.
नावा बाजार के थाना प्रभारी अरविंद सिंह ने बताया कि घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है. परिजनों द्वारा इस संबंध में अभी तक प्राथमिकी दर्ज नहीं करायी गयी है. सभी का बयान लिया जा रहा है.
न्यूज विंग एंड्रॉएड ऐप डाउनलोड करने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पेज लाइक कर फॉलो भी कर सकते हैं.




