
Ranchi: केंद्र सरकार ने भारतमाला प्रोजेक्ट के तहत संबलपुर से रांची एक्सप्रेस वे के तहत एक सेक्शन के जोराम-जामटोली के फोरलेनिंग प्रोजेक्ट की मंजूरी प्रदान कर दी है. इकोनॉमिक कोरीडोर के हिस्से के रूप में दो सेक्शन में बनने वाली यह सड़क ओडिशा के लिट्टीबाड़ा-रांची आर्थिक गलियारा का हिस्सा है. केरेया (जोराम) से क्योंदपानी तक की फोरलेन सड़क 31 किमी लंबी बनेगी. इसकी मंजूरी अभी दी गयी है. वहीं सेक्शन में क्योंदपानी (जामटोली) से रांची रिंग रोड (सीठियो)तक सड़क फोरलेन बनायी जायेगी. यह सेक्शन 88 किमी लंबा है.
इसे भी पढ़ें : स्टार्ट अप खुद चलाएगी झारखंड सरकार, मेंटॉर बहाली के मूड में नहीं
एनएचआई अब इस सड़क परियोजना के लिए कार्य अवार्ड करने की प्रक्रिया प्रारंभ करेगा. अधिकारियों के अनुसार मार्च 2022 तक सभी प्रक्रिया कर संवेदक को काम अवार्ड कर दिया जायेगा. बता दें कि झारखंड की कनेक्टिविटी को नया आयाम देने वाली ये सड़क परियोजनाएं ग्रीन फील्ड प्रोजेक्ट के रूप में तैयार होंगी. इसके तहत फोर लेन सड़कें बनेंगी, जो खेतों-खलिहानों से गुजरेंगी.
इस सड़क में कम से कम घुमावदार मोड़ होंगे. संबलपुर से रांची तक की ग्रीन फील्ड प्रोजेक्ट की लंबाई 146.2 किलोमीटर है. यह एक्सप्रेसवे ओड़िशा के लिट्टीबेड़ा में यह सड़क शुरू होगी जो झारखंड के खूंटी जिला होते हुए रांची के आउटर रिंग रोड में आकर मिलेगी. सड़क में घुमाव कम हो इसके लिए खेतों से होते हुए नई सड़क निकाली जाएगी. इस सड़क को फोर और छह लेन बनाने की योजना है.
इसे भी पढ़ें : जानिये कहां हुई शर्मशार करने वाली घटना, चार महिलाओं की सड़क पर कपड़े उतरवा कर पिटाई




