मुख्यमंत्री जनसंवाद में हुई 12 शिकायतों की समीक्षा
NEWSWING
Ranchi, 12 September : चंदवा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अनुबंध पर कार्यरत बीपीएम (प्रखण्ड कार्यक्रम प्रबन्धक) को काम में लापरवाही के आरोप में अनुबंध समाप्त करने का निर्देश सीएम के सचिव सुनील कुमार बर्णवाल ने मंगलवार को दिया. उन्होंने चंदवा के स्वास्थ्य केंद्र में लापरवाही की शिकायतों की जांच उपायुक्त और एसडीओ से करवाने के बाद सिविल सर्जन से दोबारा जांच कराने पर सवाल उठाया. उन्होंने कहा कि यह मामले को उलझाने की प्रवृति है, इसे बंद करें.
सचिव सुनील बर्नवाल ने एसडीओ की जांच रिपोर्ट के आधार पर उपायुक्त द्वारा स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सक से पूछे गए स्पष्टीकरण का जवाब नहीं देने को गंभीरता से लेते हुए उनसे एक सप्ताह में स्पष्टीकरण लेने को कहा. मामले की दोबारा जांच के संबंध में सिविल सर्जन से भी स्पष्टीकरण तलब किया गया. नोडल पदाधिकारी को स्पष्टीकरण के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए एक सप्ताह में रिपोर्ट देने को कहा गया. मुख्यमंत्री के सचिव सूचना भवन में मुख्यमंत्री जनसंवाद केंद्र में आयी शिकायतों के निष्पादन की समीक्षा कर रहे थे. कुल 12 शिकायतों की समीक्षा की गयी.
मुखिया और पंचायत सेवक को निलंबित करने का आदेश
मुख्यमंत्री के सचिव सुनील बर्णवाल ने सरायकेला-खरसावां की टिकर पंचायत में मुखिया और पंचायत सेवक को निलंबित करने का आदेश दिया. दोनो की मिलीभगत से सोलर लाइट लगाने में किए गए घपले में पंचायत सेवक पर प्राथमिकी दर्ज करते हुए निलंबित करने का आदेश दिया. मुखिया पर कानूनी कार्रवाई के लिए पंचायती राज विभाग को प्रतिवेदन भेजने का निर्देश दिया. साथ ही सोलर लाइट सप्लाई करनेवाली कंपनी को ब्लैक लिस्टेड करते हुए इसकी सूचना सभी पंचायतों को देने को कहा.
धनबाद में पैक्स से लोन लेकर नहीं चुकानेवालों पर कार्रवाई का आदेश
धनबाद में पैक्स से लोन लेकर उसे नहीं चुकानेवालों पर प्रथमिकी दर्ज कर जेल भेजने तथा उनके नाम सार्वजनिक करने का आदेश मुख्यमंत्री के सचिव सुनील कुमार बर्णवाल ने दिया है. धनबाद के नोडल पदाधिकारी ने बताया कि ज्यादातर लंबित मामले पैक्स से भुगतान नहीं होने से जुड़े हैं. पैक्स से लोन लेकर चुकता नहीं करने वालों के कारण किसानों को भुगतान में दिक्कत हो रही है. मुख्यमंत्री के सचिव ने लोन चुकता नहीं करनेवालों को लोन देनेवाले बीसीओ और बैंक अधिकारियों पर कार्रवाई के लिए प्रतिवेदन देने का आदेश दिया.
पूर्वी सिंहभूम शिकायत निबटाने में फिसड्डी
पूर्वी सिंहभूम जिला लगातार फिसड्डी बना हुआ है. वहां के नोडल पदाधिकारी से लिखित स्पष्टीकरण तलब किया गया है. उनसे पूछा गया है कि किस परिस्थिति में पूर्वी सिंहभूम जिले की स्थिति पूरे राज्य में फिसड्डी है. वहीं फिसड्डी जिलों की सूची में दूसरे नंबर पर रहे पलामू के नोडल पदाधिकारी को चेतावनी दी गई कि अगर अगले सप्ताह तक स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो इस संबंध में स्पष्टीकरण देना होगा.




