
- 22 विभागों में 88 पदों पर नियुक्ति के लिए जारी हुआ था विज्ञापन
- 38 की ही हो सकी नियुक्ति, 50 पद अभी भी रह गये खाली
Ranchi : रिम्स को 38 नये सीनियर रेजिडेंट डॉक्टर मिले हैं. ये डॉक्टर रिम्स के 18 विभिन्न विभागों में सेवा देंगे. हालांकि, नियुक्ति से संबंधित विज्ञापन में 22 विभागों के लिए 88 पदों का जिक्र किया गया था. 10, 11 और 12 अक्टूबर को आवेदकों का इंटरव्यू लिया गया था, जिसके बाद फाइनल लिस्ट जारी की गयी है. बड़ी संख्या में आवेदक इंटरव्यू में शामिल हुए थे, लेकिन सभी 88 पदों पर नियुक्ति नहीं हो पायी है. 50 पद अभी भी खाली रह गये हैं. बता दें कि रिम्स में सीनियर रेजिडेंट की नियुक्ति सिर्फ तीन साल के टेन्योर के लिए ही की जाती है. तीन साल तक बतौर सीनियर रेजिडेंट सेवा देने के बाद ही ये डॉक्टर असिस्टेंट प्रोफेसर पद के योग्य होते हैं.
रिम्स को 38 सीनियर रेजिडेंट डॉक्टर मिलने के बाद मरीजों के इलाज में काफी सहूलियत होगी. सीनियर रेजिडेंट की कमी के कारण मरीजों को डॉक्टर उचित समय नहीं दे पाते थे. यहां मरीजों की संख्या एवरेज से अधिक होती है. अब डॉक्टरों की नियुक्ति हो जाने से इस मामले में थोड़ा सुधार हो जायेगा. रात के समय कभी-कभी सिर्फ एक सीनियर रेजिडेंट होने से भी दिक्क्तें होती थीं, अब इस दिक्कत को भी दूर किया जा सकेगा.
इसे भी पढ़ें- कुसुम योजना : केंद्रीय एजेंसी ने काम में दिखायी सुस्ती, अब राज्य की एजेंसियां बांटेंगी सोलर पंप




