
Giridih: दाखिल खारिज के नाम पर सरेआम घूस लेने वाले देवरी के राजस्व कर्मचारी अब्दुल गफूर के खिलाफ गिरिडीह प्रशासन कार्रवाई की प्रकिया में जुट गयी है. लेकिन घूस लेने का वीडियो वायरल होने के बाद डीसी के निर्देश पर सीओ सुधीर कुमार द्वारा मांगे गये स्पष्टीकरण का जो जवाब आरोपी राजस्व कर्मचारी अब्दुल गफूर ने बुधवार को दिया, वह चौंकाने वाला है.
सीओ को दिये स्पष्टीकरण का जवाब पढ़कर सीओ भी हैरान है कि एक राजस्व कर्मचारी घूस लेने के बाद अपने बचाव में इस प्रकार का जवाब कैसे दे सकता है. बहरहाल, आरोपी कर्मचारी से मिले जवाब के आधार पर ही सीओ ने डीसी को कर्मचारी के खिलाफ निलंबित किए जाने का अनुशंसा पत्र के साथ स्पष्टीकरण का पत्र भी भेज दिया है.
वैसे राजस्व कर्मचारी का जवाब देख कर ही सीओ भी मान रहे हैं कि आरोपी कर्मचारी ने अपने बचाव का स्क्रिप्ट भी तैयार तो कर लिया है लेकिन जवाब का स्क्रिप्ट कर्मचारी को दोषमुक्त नहीं करने वाला क्योंकि घूस लेनदेन का जो वीडियो वायरल हुआ है उसमें आरोपी कर्मचारी लूंगी पहन कर इत्मीनान से पैसे लेकर गिनते नजर आ रहे हैं.
इसे भी पढ़ें – चाईबासा में बम प्लांट करनेवाले दो नक्सली गिरफ्तार, पुलिस को नुकसान पहुंचाने की थी साजिश
बताते चलें कि राजस्व कर्मचारी द्वारा घूस लेने की वायरल वीडिओ की खबर सबसे पहले न्यूज विंग ने प्रकाशित की थी. इसके बाद डीसी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मामले में आरोपी कर्मचारी को शोकॉज करने का निर्देश दिया था.
वहीं सीओ द्वारा मांगे गये स्पस्टीकरण का जवाब देते हुए राजस्व कर्मचारी अब्दुल गफूर ने बताया कि वीडियो छह माह पहले का है और उसे पैसे देने वाले बंदूक के नोंक पर रखकर पैसे गिनकर रखने और दाखिल खारिज करने को कहा था.
स्पष्टीकरण में राजस्व कर्मचारी ने बंदूक की नोक पर काम कराने वाले के नाम हीरोडीह निवासी बच्चू मोदी बताया है. आरोपी राजस्व कर्मचारी ने सीओ को दिए जवाब में यह भी दावा है कि छह माह पहले हुए इस लेनदेन की घटना के बाद वह एक सन्हा भी गिरिडीह के सिविल कोर्ट में किया था.
ऐसे में सवाल उठता है कि जब दाखिल खारिज कराने वाले बच्चू मोदी अपने लोगों के साथ आरोपी कर्मचारी को बंदूक की नोंक पर पैसे गिनने को दिया और दाखिल खारिज करने को कहा, तो आरोपी कर्मचारी ने छह माह पहले ही बच्चू मोदी के खिलाफ देवरी थाना में केस क्यों नहीं दर्ज कराया. जब कर्मचारी से सारा कुछ बंदूक की नोक पर कराया गया, तो मामला स्पष्ट रूप से अपराधिक साजिश का ही सामने आ रहा है.
इसे भी पढ़ें –पलामू: बिहार ले जायी जा रही शराब की खेप पकड़ायी, दो अंतर जिला तस्कर गिरफ्तार




