
Ranchi: राजधानी के बीचो बीच बिरसा मुंडा जेल पार्क के सामने नगर निगम ने डंपिंग यार्ड बना दिया था. जहां पर बीच शहर में कूड़े का पहाड़ खड़ा हो गया. वहीं कूड़ा गाड़ियों की वजह से लगातार जाम लग रहा था. इतना ही नहीं दुर्गंध की वजह से आसपास रहने वालों का सांस लेना भी मुश्किल हो गया था. यह समस्या पिछले कई सालों से बनी हुई थी. अब लोगों को इस समस्या से जल्द राहत मिलने वाली है. रांची नगर निगम के अधिकारी डंपिंग यार्ड को हटाने को लेकर रेस हो गए है. इसके बाद रास्ते से गुजरने वालों को अपनी सांस नहीं रोकनी पड़ेगी. वहीं बिरसा मुंडा जेल पार्क में आने वाले लोगों को भी स्वच्छ माहौल मिलेगा.
इसे भी पढ़ें: सोशल मीडिया के बाद अब सड़क पर होगा सत्ता पक्ष और विपक्ष का शक्ति प्रदर्शन, पहले यूपीए और बाद में भाजपा दिखाएगी ताकत
परेशानी बढ़ी तो खुली अधिकारियों की नींद
जेल रोड में लाइन टैंक तालाब के बगल में ही निगम ने मिनी डंपिंग यार्ड बनाया था. यह कुछ समय के लिए था जिससे कि सिटी में कचरे का बैकलॉग खत्म किया जा सके. लेकिन कुछ समय के बाद यह परमानेंट डंपिंग यार्ड शहर के बीच बन गया. आज जब इसकी दुर्घंध और कचरे का पानी परेशानी का सबब बना तो नगर निगम के अधिकारियों की नींद खुली है.
मिनी ट्रांसफर स्टेशन होंगे एक्टिव
नगर निगम ने मेट्रो सिटी की तर्ज पर कचरा के लिए मिनी ट्रांसफर स्टेशन का निर्माण कराया था. जहां पर वार्डों से कचरा लाकर जमा करने की व्यवस्था की गई थी. वहीं कांपैक्टर की मदद से इसे झिरी डंपिंग यार्ड भेजा जा रहा था. कुछ दिनों के बाद आधा दर्जन से अधिक स्टेशन बंद हो गए. अब सभी मिनी ट्रांसफर स्टेशन को फिर से एक्टिव करने का निर्देश दिया गया है. जिससे कि वार्डों का कचरा इन स्टेशनों में ही कांपैक्टर में डंप किया जाएगा. इसके लिए कांपैक्टर भी मंगाए जा रहे है.




