
NewDelhi : केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार नहीं रहे. सोमवार सुबह लगभग दो बजे अनंत कुमार का निधन हो गया. खबरों के अनुसार केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार को कैंसर था. काफी समय से उनका इलाज चल रहा था. 59 वर्ष के अनंत कुमार का पहले लंदन और न्यूयॉर्क में इलाज चल रहा था. इसी साल 20 अक्टूबर को उन्हें बेंगलुरु के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था. जानकारी के अनुसार अंतिम दर्शन के लिए उनका पार्थिव शरीर बेंगलुरु के नैशनल कॉलेज में रखा जायेगा. तबीयत खराब होने की वजह से अनंत कुमार कृत्रिम सांस लेनेवाले यंत्र के सहारे थे. वे आईसीयू में वेंटिलेटर पर थे. अनंत कुमार के निधन की खबर मिलने पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, पीएम नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री राजनाथ सिंह आदि नेताओं ने शोक जताया है. पीएम मोदी ने बताया कि उन्होंने अनंत कुमार की पत्नी तेजस्विनी से बात की है.
रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण ने शोक संवेदना जताते हुए कहा कि अंनत कुमार के बारे में सुनकर काफी दुख हुआ. उन्होंने लंबा समय भाजपा को दिया. कहा कि बेंगलुरु उनके दिल और दिमाग में बसता था. भगवान इस क्षति को सहने की शक्ति उनके परिवार को दे. बता दें कि 22 जुलाई 1959 को जन्मे अनंत कुमार 1996 से बेंगलुरु साउथ लोकसभा सीट से सांसद थे. मोदी सरकार वे रसायन और उर्वरक मंत्रालय और संसदीय मामलों के मंत्री थे. वे राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ से जुड़े रहे थे.
केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार के निधन के बारे में सुनकर मुझे दुख हुआ. उनका जाना देश और खासकर कर्नाटक के लोगों के लिए बड़ा झटका है. उनके परिवार, सहकर्मी और उनसे जुड़े लोगों के साथ मेरी संवेदना है : राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद
सहकर्मी और दोस्त अनंत कुमार के निधन के बारे में सुनकर मुझे काफी दुख हुआ. वह शानदार नेता थे, जिन्होंने युवा के रूप में राजनीति में कदम रखा और अबतक अत्यंत परिश्रम और करुणा के साथ लोगों की सेवा में लगे थे. उन्हें हमेशा उनके अच्छे कामों के लिए याद किया जायेगा : पीएम नरेंद्र मोदी
इसे भी पढ़ें : कांग्रेस के मैनिफेस्टो में आरएसएस शाखाओं पर प्रतिबंध का वादा, भाजपा हमलावर




