
Ranchi : इटकी थाना क्षेत्र के मलटी गांव में शनिवार की देर रात दो गुटों में हुई झड़प के बाद पुलिस घटनास्थल पर कैंप कर रही है. स्थिति तनावपूर्ण है लेकिन मामला पूरी तरह से पुलिस के नियंत्रण में है.
शनिवार की रात इटकी थाना क्षेत्र के मलटी गांव में सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की साजिश की गई थी. जिसे इलाके के बुद्धिजीवी वर्ग के लोग और पुलिस की सूझबूझ से नाकाम कर दिया गया.
दरअसल इटकी के मलटी गांव में बनाए गए स्पीड ब्रेकर को एक समुदाय के कुछ युवक तोड़कर हटा रहे थे. उसी दौरान दूसरे समुदाय के युवकों ने रोका इसके बाद दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गई थी.
दो समुदाय के लोग हो गए आमने-सामने
स्पीड ब्रेकर हटाने को लेकर हुए विवाद और मारपीट की घटना के बाद दोनों समुदाय के कुछ लोगों ने इसे सांप्रदायिक रंग देने की कोशिश की. इसके बाद दोनों समुदाय के लोग आमने-सामने आए गए. दोनों ओर से लाठी-डंडे चले. पथराव शुरू हो गया. दोनों ओर से धार्मिक नारेबाजी भी हुई.
झड़प में इटकी थाने के एएसआई वाहीद अंसारी सहित दोनों ओर से करीब आधा दर्जन लोग घायल हुए हैं. सभी घायलों का इलाज रिम्स में चल रहा है. घटना की सूचना मिलते ही मौके पर इटकी, नगड़ी, बेड़ो सहित कई थानों की पुलिस पहुंची और मामले को शांत कराने की कोशिश की.
साथ ही ग्रामीण एसपी आशुतोष शेखर, बेड़ो डीएसपी संजय कुमार सहित अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंचे. बड़ी संख्या में गांव में पुलिस बलों की तैनाती की गई है.
गांव में पुलिस कर रही है कैंप
स्पीड ब्रेकर हटाने को लेकर हुए विवाद और मारपीट की घटना के बाद पुलिस पूरे गांव में पुलिस कैंप के साथ-साथ गश्त लगा रही है. हर गली चौराहे पर पुलिस पैनी नजर रख रही है. गली मोहल्लों की स्थिति तनावपूर्ण है. हालांकि मामला पूरी तरह से पुलिस के नियंत्रण में है.




