
Subhash Shekhar
Ranchi: रांची नगर निगम चुनाव के दौरान शहर में पहले से चलने वाले अतिक्रमण, प्लास्टिक इस्तेमाल, अवैध होर्डिंग्स, बिना ट्रेड लाइसेंस व्यवसाय, अवैध मोबाइल फूड वैन के खिलाफ चल रहे अभियान को रोक दिया गया है. रांची नगर निगम के पास इन सबके खिलाफ ड्राइव चलाने के लिए इंफोर्समेंट टीम भी है. पिछले कुछ दिनों से इस टीम को अभियान के काम से हटाकर पीजीएमएस पोर्टल, सीएम जनसंवाद, सीपी सिंह जनसंवाद के लंबित मामलों के निपटारे में लगाया गया है. निकाय चुनाव के बीच रांची नगर निगम की अनदेखी की वजह से पहले की तरह फुटपाथ दुकान सज गये हैं. लालपुर बाजार में सब्जी बाजार दिनभर लगा रहता है. खुले में गंदगी के बीच मांस-मछली की दुकानें सज गई हैं. बाजार में प्लास्टिक का इस्तेमाल धड़ल्ले से हो रहा है. जबकि निगम की ओर से प्लास्टिक के साथ प्रोपलिन से बने थैले को भी बैन किया गया है.
इसे भी देखें- पश्चिम बंगाल में नामांकन को लेकर हिंसा : ममता सरकार के खिलाफ बीजेपी के सुर से मिले वाम दलों के सुर
इंफोर्समेंट टीम को लगाया गया जनसंवाद के काम में
अवैध प्रचार होर्डिंग्स के खिलाफ रांची नगर निगम की इंफोर्समेंट टीम की ओर से लगातार ड्राइव चलाया जा रहा था. बिना लाइसेंस वाले अवैध मोबाइल फूड वैन पर भी निगम नकेल कसी जा रही थी. लॉज और अवैध होटल पर भी शिकंजा कसा जा रहा था. रांची नगर निगम इनके खिलाफ ड्राइव चलाकर जुर्माना वसूली करता था. इससे निगम के राजस्व में इजाफा हो रहा था, वहीं दूसरी ओर इससे बचने के लिए व्यवसायी अपनी दुकान को नियमानुकूल कराने लगे थे. इंफोर्समेंट टीम के अभियान के दौरान कई बार लोगों से वाद-विवाद और झगड़े की नौबत आती थी. इससे निपटने के लिए इंफोर्समेंट टीम के सदस्यों को मार्च के तीसरे सप्ताह में आधुनिक बॉडी वॉर्न कैमरा से सुसज्जित किया गया था. जब से इस टीम को यह कैमरा मिला है तब से वह जनसंवाद के लंबित मामलों के निपटारे में व्यस्त है. इस कारण इंफोर्समेंट टीम के लोग कैमरे का सही इस्तेमाल नहीं कर पाये हैं.

इसे भी देखें- विपक्ष को सांप, नेवला,कुत्ता बताने के उत्साह में क्या अमित शाह ने मोदी को विनाश का प्रतीक बना दिया ?
किसी नियम में नहीं हुआ है बदलाव : नगर आयुक्त
इस पूरे मामले पर जानकारी के लिए रांची नगर आयुक्त शांतनु कुमार अग्रहरी से जानकारी मांगी गई. हमने नगर आयुक्त से पूछा कि ‘क्या इसके लिए किसी नियम में बदलाव हुआ है या किसी खास आदेश के तहत हो रहा है.’ इस सवाल पर नगर आयुक्त ने कहा कि नियमों में कोई बदलाव नहीं किया गया है. उन्होंने बताया कि जनसंवाद से जुड़े मामलों को जल्द निपटारा करना है इसलिए उन अधिकारों को इस काम के लिए लगाया गया है. नगर आयुक्त ने यह स्पष्ट नहीं किया कि शहर को व्यवस्थित करने वाले ड्राइव क्यों रोक दिये गये हैं.
न्यूज विंग एंड्रॉएड ऐप डाउनलोड करने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पेज लाइक कर फॉलो भी कर सकते हैं.




