
रामगढ़ : गुरुवार को उप विकास आयुक्त, रामगढ़ आशीष अग्रवाल की अध्यक्षता में उनके कार्यालय कक्ष में जिला गंगा समिति की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक के दौरान उप विकास आयुक्त ने सर्वप्रथम जिला गंगा समिति की पूर्व की बैठक में दिए गए निर्देश के आलोक में किए गए कार्यों की जानकारी समिति के सदस्यों से ली।
बैठक के दौरान उप विकास आयुक्त ने नमामि गंगे योजना के तहत पूरे वर्ष आयोजित होने वाले कार्यक्रमों से संबंधित प्रतिवेदन तैयार कर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने आगामी तीन महीनों में नमामि गंगे योजना के तहत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी लेते हुए सफलतापूर्वक उनका आयोजन सुनिश्चित करने के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिया।
इस दौरान जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ प्रभात शंकर, कार्यपालक अभियंता लघु सिंचाई सुजीत कुमार भगत, डीपीओ नमामि गंगे चंदन कुमार सहित अन्य एजेंसियों के प्रतिनिधि, अन्य अधिकारी व कर्मी उपस्थित थे।




