
- देश भर के 31 रेलवे भर्ती बोर्ड कार्यालयों में दी जा रही है जानकारी
- 31 मार्च तक करना है ऑनलाइन आवेदन
Ranchi : रेल मंत्रालय ने 35277 पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू की है. देश भर के 31 रेलवे भर्ती बोर्ड कार्यालयों और उनकी वेबसाइट पर स्टेशन मास्टर, वाणिज्यिक प्रशिक्षु, गुड्स गार्ड, कनिष्ठ लेखा सहायक सह टंकक, वरिष्ठ लिपिक सह टंकक, वरिष्ठ वाणिज्यिक सह टिकट लिपिक, वरिष्ठ समयपाल, यातायात सहायक, वाणिज्यिक सह टिकट लिपिक, लेखा लिपिक सह टंकक, कनिष्ठ लिपिक सह टंटक, कनिष्ठ समयपाल और गाड़ी लिपिक के पद पर होनेवाली नियुक्तियों की जानकारी दी गयी है. इन सभी पदों के लिए योग्य उम्मीदवारों को सातवां वेतनमान का लाभ दिया जायेगा. सबसे अधिक पद स्टेशन मास्टर के हैं. देश भर के सभी रेल मंडलों में 6865 पदों पर स्टेशन मास्टर की बहाली होगी. इसके अलावा गुड्स गार्ड्स के 5748 पद, वाणिज्यिक सह टिकट लिपिक के 4940 पद, कनिष्ठ लिपिक के 4319 पद, वरिष्ठ वाणिज्यिक सह टिकट लिपिक के 5636 पदों पर नियुक्ति होगी. भारतीय रेल के विभिन्न आंचलिक रेलवे कार्यालयों, उत्पादन इकाइयों पर तकनीकी लोकप्रिय कोटे (एनटीपीसी) के पद, स्नातक तथा स्नातक स्तरीय पद के लिए आवेदन मांगे गये हैं. इन आवेदनों का ब्योरा अहमदाबाद, अजमेर, इलाहाबाद, बेंगलुरु, भुवनेश्वर, विलासपुर, चंडीगढ़, गुवाहाटी, जम्मू-श्रीनगर, कोलकाता, मुंबई, मुजफ्फरपुर, रांची, पटना, मुंबई, सिकंदराबाद, सिलीगुड़ी और तिरुवनंतपुरम के रेलवे भरती बोर्ड कार्यालयों और उनकी वेबसाइट पर उपलब्ध है. नियुक्तियों में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग, पूर्व सैनिक, चिह्नित अक्षमतावाले व्यक्तियों को आरक्षण का लाभ भी दिया जायेगा.
रेलवे मंत्रालय की तरफ से निकाली गयी रिक्तियां
| पद का नाम | वेतनमान | कुल रिक्तियां |
| वाणिज्यिक प्रशिक्षु | 36400 रुपये | 250 |
| स्टेशन मास्टर | 36400 रुपये | 6865 |
| गुड्स गार्ड | 29200 रुपये | 5748 |
| कनिष्ठ लेखा सहायक सह टंकक | 29200 रुपये | 3164 |
| वरिष्ठ लिपिक सह टंकक | 29200 रुपये | 2872 |
| वरिष्ठ वाणिज्यिक सह टिकट लिपिक | 29200 रुपये | 5638 |
| वरिष्ठ समयपाल | 29200 रुपये | 14 |
| यातायात सहायक | 26500 रुपये | 88 |
| वाणिज्यिक सह टिकट लिपिक | 21700 रुपये | 4940 |
| लेखा लिपिक सह टंकक | 19900 रुपये | 760 |
| कनिष्ठ लिपिक सह टंकक | 19900 रुपये | 4319 |
| कनिष्ठ समयपाल | 19900 रुपये | 17 |
| गाड़ी निरीक्षक | 19900 रुपये | 982 |




