
Udaipur : पांच राज्यों में आयेाजित चुनावों में नेताओं के गोत्र, धर्म और जाति पर खूब बात हो रही है. इस क्रम में राहुल गांधी ने यहां एक चुनावी सभा में पीएम मोदी पर करारा हमला करते हुए कहा कि हिंदुत्व की नींव के बारे में भी मोदी जी नहीं जानते हैं. वह कैसे हिंदू हैं? साथ ही कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने सर्जिकल स्ट्राइक को लेकर भी पीएम मोदी को निशाने पर लिया. आरोप लगाया कि पीएम मोदी ने सर्जिकल स्ट्राइक को राजनीतिक रूप दे दिया, जबकि यह फैसला देश की सेना का था. राहुल गांधी ने कहा, हिंदुत्व का सार क्या है? गीता क्या कहती है? वह ज्ञान हर किसी के साथ है, ज्ञान आपके चारों ओर है. प्रत्येक जीवित चीज के पास ज्ञान है. हमारे प्रधानमंत्री कहते हैं कि वह हिंदू हैं लेकिन हिंदुत्व की नींव के बारे में नहीं जानते. वह किस प्रकार के हिंदू हैं.
सर्जिकल स्ट्राइक को राजनीतिक रूप दिया, जबकि यह सेना का निर्णय था
उदयपुर में राहुल गांधी ने कहा, असल में नरेंद्र मोदी ने आर्मी के अधिकार क्षेत्र में दखल देते हुए उसे अपनी सर्जिकल स्ट्राइक का रूप दे दिया. उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक को राजनीतिक रूप दिया जबकि यह मिलिटरी का निर्णय था. राहुल गांधी ने मनमोहन सिंह का जिक्र करते हुए कहा, क्या आप जानते हैं कि नरेंद्र मोदी की सर्जिकल स्ट्राइक की तरह, मनमोहन सिंहजी ने तीन बार ऐसा किया? जब आर्मी मनमोहन सिंह के पास आयी और कहा कि पाकिस्तान जो कर रहा है ऐसे में हमें बदला लेने की जरूरत है तो उन्होंने कहा कि हमें इसे अपने उद्देश्यों के लिए गुप्त रखना चाहिए.
मोदी सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए राहुल ने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समझते हैं कि दुनिया का पूरा ज्ञान उनके ही दिमाग से निकलता है और बाकी लोगों को कुछ नहीं मालूम है. कहा कि यूपीए सरकार के समय एनपीए दो लाख करोड़ रुपये था. मोदी सरकार के चार साल में एनपीए 12 लाख करोड़ रुपये हो गया. साथ ही कहा कि नोटबंदी और जीएसटी के बारे में देश की जनता भ्रमित है और इससे अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचा.
इसे भी पढ़ें : नैशनल हेरल्ड जमीन घोटाला : सीबीआई ने हुड्डा, मोतीलाल वोरा व एजेएल के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की




