
NewDelhi : कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी का राफेल राग जारी है. गुरुवार को राहुल ने राफेल डील को लेकर कहा कि मेरा आज भी वही रुख है कि इसमें चोरी हुई है. बता दें कि राहुल गांधी ने यह टिप्पणी संसद के दोनों सदनों की संयुक्त बैठक में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के अभिभाषण के बाद संसद भवन से बाहर आते हुए की. अभिभाषण के बारे में पूछे जाने पर गांधी ने कहा, ‘मेरा रुख आज भी वही है कि राफेल विमान सौदे में चोरी हुई है.
यह पहली बार नहीं है जब राहुल गांधी ने राफेल विमान सौदे में चोरी होने की बात कही है. वह कई बार इस बात को दोहरा चुके हैं. इतना ही नहीं राफेल डील को लेकर राहुल गांधी ने चौकीदार चोर है… का नारा दिया था. वह लोकसभा चुनाव के दौरान अमूमन हर रैली में चौकीदार चोर है.. कहते दिखाई दिये थे.
इसे भी पढ़ेंः गुजरात: दलित सरपंच के पति की पीट-पीटकर हत्या
कांग्रेस ने राफेल डील में संयुक्त संसदीय समिति से जांच कराने की मांग की थी
संसद के शीतकालीन सत्र के दौरान कांग्रेस ने राफेल विमान सौदे में संयुक्त संसदीय समिति से जांच कराने की मांग की थी. जिसे सरकार ने नहीं माना. गुरुवार को अपने अभिभाषण के दौरान राष्ट्रपति ने राफेल लड़ाकू विमान का जिक्र करते हुए कहा, मेरी सरकार, सेना और सशस्त्र बलों के आधुनिकीकरण के काम को तेजी से आगे बढ़ा रही है. निकट भविष्य में ही भारत को पहला राफेल लड़ाकू विमान और अपाचे हेलीकॉप्टर भी मिलने जा रहे हैं.
सरकार द्वारा मेक इन इंडिया के तहत आधुनिक अस्त्र-शस्त्र बनाने पर विशेष बल दिया जा रहा है. संसद के ऐतिहासिक कक्ष में दोनों सदनों की संयुक्त बैठक को संबोधित करते हुए कोविंद ने कहा कि सरकार द्वारा मेक इन इंडिया के तहत आधुनिक अस्त्र-शस्त्र बनाने पर विशेष बल दिया जा रहा है.




