NationalUttar-Pradesh

 राहुल ने फिर मोदी पर आरोप मढ़ा, चौकीदार ने वायुसेना के 30 हजार करोड़ अनिल अंबानी को दे दिये

Amethi : चौकीदार ने भारतीय वायुसेना से 30 हजार करोड़ रुपये लेकर अपने उद्योगपति मित्र अनिल अंबानी को दे दिये. कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी लगातार यह आरोप पीएम मोदी पर लगा रहे हैं. अमेठी में भी यही आरोप दुहराया. यहां बुधवार को राफेल विमान खरीद मामले पर प्रधानमंत्री मोदी पर फिर हमलावर होते हुए कहा कि  प्रधानमंत्री मोदी खुद अंबानी को प्रतिनिधिमंडल में अपने साथ लेकर गये और उन्हें 30 हजार करोड़ रुपये का ठेका दिलवाने में मदद की. साथ ही दावा किया कि प्रधानमंत्री ने 526 करोड़ रुपये का राफेल विमान 1600 करोड़ में खरीदा. राहुल ने दोहराया कि फ्रांस के पूर्व राष्ट्रपति ने कहा कि फ्रांस की कंपनी ने अंबानी को ठेका नहीं दिया बल्कि हिन्दुस्तान के प्रधानमंत्री ने हमें बता दिया था कि अगर राफेल विमान देना है तो अंबानी को ठेका दो. यह निर्णय किसी और ने नहीं बल्कि खुद प्रधानमंत्री ने लिया.  सरकारी कंपनी एचएएल के बजाय अंबानी को ठेका दिलवा दिया. इस क्रम में राहुल गांधी ने कहा, मोदी जी कहते हैं कि मुझे प्रधानमंत्री मत बनाओ, चौकीदार बनाओ, मगर चौकीदार ने हिन्दुस्तान की एयर फोर्स से 30 हजार करोड़ रुपये लेकर अनिल अंबानी को दे दिये.

मोदी जी को हटाइए और गरीबों, किसानों की हितैषी कांग्रेस की सरकार बनाइए

बता दें कि राहुल गांधी राफेल सौदे को लेकर मोदी सरकार पर लगातार हमले करते रहे हैं. हालांकि, सरकार और रिलायंस डिफेंस ने राहुल के आरोपों को लगातार खारिज किया है. राहुल ने जनता से कहा, नरेन्द्र मोदी जी को हटाइये और गरीबों, किसानों की हितैषी कांग्रेस की सरकार बनाइये. आज मैंने प्रियंका को उप्र का महासचिव बना दिया. मतलब, अब यहां पर कांग्रेस पार्टी अपना मुख्यमंत्री बैठाने का काम करेगी. राहुल ने कहा हम जनता के लिए काम करने को तैयार हैं. आपके दिल की बात मैं समझता हूं और आपकी लड़ाई मैं लड़ूंगा. जहां भी आपको मेरी जरूरत होगी, मैं आपके लिए खड़ा हूं. सिर्फ अमेठी के लिए ही नहीं बल्कि पूरे देश के लिए, जहां भी मेरी जरूरत होगी, मैं आपके लिए हाजिर हूं.

इसे भी पढ़ें : गोयल को वित्त और कॉरपोरेट मामलों के मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार, अंतरिम बजट पेश करेंगे

Related Articles

Back to top button