
New Delhi: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने नोबेल पुरस्कार के लिए चयनित अर्थशास्त्री अभिजीत बनर्जी के संदर्भ में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल की टिप्पणी को लेकर शनिवार को सरकार पर तंज कसा. उन्होंने कहा कि मंत्रियों का काम ‘कॉमेडी सर्कस’ चलाना नहीं बल्कि अर्थव्यवस्था को सुधारना है.
दूसरों की उपलब्धियों को झुठलाने में लगे हैं बीजेपी नेता
उन्होंने ट्वीट कर कहा कि भाजपा नेताओं को जो काम मिला है उसको करने की बजाय वे दूसरों की उपलब्धियों को झुठलाने में लगे हैं. नोबेल पाने वाले ने अपना काम ईमानदारी से किया, नोबेल जीता.
भाजपा नेताओं को जो काम मिला है उसको करने की बजाय दूसरों की उपलब्धियों को झुठलाने में लगे हैं। नोबेल पाने वाले ने अपना काम ईमानदारी से किया, नोबेल जीता।
प्रियंका ने तंज कसते हुए कहा कि अर्थव्यवस्था ढही जा रही है. आपका काम उसको सुधारना है न कि कॉमेडी सर्कस चलाना. दरअसल, गोयल ने अर्थशास्त्र के क्षेत्र में 2019 के नोबेल पुरस्कार के लिए चुने गये भारतीय-अमेरिकी अभिजीत बनर्जी को शुक्रवार को वाम की ओर झुकाव वाला बताया.
क्या कहा था गोयल ने
गोयल ने कहा कि मैं अभिजीत बनर्जी को नोबेल पुरस्कार जीतने की बधाई देता हूं. आप सभी जानते हैं कि उनकी सोच पूरी तरह वाम की ओर झुकाव वाली है.
भाजपा नेता ने कहा कि बनर्जी ने कांग्रेस द्वारा प्रस्तावित ‘न्याय’ योजना का समर्थन किया और भारत की जनता ने उनकी सोच को नकार दिया.
बनर्जी ने हाल ही में कहा था कि भारतीय अर्थव्यवस्था डगमगा रही है और इस समय उपलब्ध आंकड़े बहुत जल्द देश की अर्थव्यवस्था के उबरने का आश्वासन नहीं देते.




