
Ranchi : तिलैया स्थित सैनिक स्कूल अब लड़कियों के लिए भी प्रवेश के रास्ते खोल रहा है. इस सैनिक स्कूल में नये एकेडमिक इयर से लड़कियों की पढ़ाई शुरू करायी जायेगी. इसके लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो चुकी है.
मंगलवार को सैनिक स्कूल तिलैया के प्राचार्य ग्रुप कैप्टन राहुल सकलानी ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की. मुख्यमंत्री सचिवालय में हुए इस मुलाकात में उन्होंने बताया कि स्कूल में नये शैक्षणिक सत्र से पहली बार लड़कियों की पढ़ाई शुरू हो रही है. यहां क्लास छह में छात्राओं के नामांकन की प्रक्रिया चल रही है.
इसे भी पढ़ें:तबलीगी जमात समागम की मीडिया रिपोर्टिंग के मामले पर केंद्र के जवाब से सुप्रीम कोर्ट संतुष्ट नहीं
खर्च वहन करने का किया आग्रह
प्राचार्य ग्रुप कैप्टन राहुल सकलानी ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि छात्राओं की पढ़ाई को लेकर आधारभूत संरचना को तैयार करने, साथ ही यहां पढ़ रहे झारखंड के विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति देने और कर्मचारियों को दिये जाने वाले पेंशन का वहन राज्य सरकार करे. इस दौरान सैनिक स्कूल तिलैया के प्रशासनिक अधिकारी लेफ्टिनेंट कमांडर कुमार हिमांशु शेखर मौजूद थे.
गौरतलब है कि राज्य में मौजूद एकमात्र सैनिक स्कूल में अब तक लड़कों का ही प्रवेश होता था. लड़कों के लिए नामांकन कंबाइंड एडमिशन टेस्ट से होता था. लड़कियों के लिए एडमिशन के रास्ते खुलने के बाद बेहतर शिक्षा प्राप्त करने का प्लेटफॉर्म मिलेगा.
इसे भी पढ़ें:लव जिहाद के मामलों पर नकेल कसने के लिए मध्यप्रदेश सरकार उठायेगी ये कदम




