
Kolkata : युवा अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की आत्महत्या की घटना अभी सुर्खियों में ही है कि कोलकाता में बांग्ला फिल्मों के लिए स्क्रिप्ट लिखने वाले एक व्यक्ति ने गर्लफ्रेंड से लड़ाई के बाद खुदकुशी की कोशिश की है.
खास बात यह है कि उसने अपने सुसाइड की जानकारी फेसबुक पर साझा की थी. जिसके बाद कोलकाता पुलिस के संयुक्त आयुक्त (अपराध) मुरलीधर शर्मा ने इसे रीजेंट पार्क थाने को सूचित किया था. तुरंत हरकत में आई पुलिस ने उसे ढूंढ निकाला और बचा लिया है.
इसे भी पढ़ेंः लद्दाख में 20 सैनिकों की शहादत पर बोले पीएम मोदी- उकसाने पर हर हाल में देंगे जवाब
इस तरह बचाया गया
इस बारे में आईपीएस प्रदीप यादव ने बुधवार को जानकारी दी. उन्होंने बताया कि मंगलवार दोपहर 2:00 बजे आईपीएस मुरलीधर शर्मा ने सूचित किया था कि 33 साल का एक युवा सुसाइड के बारे में फेसबुक पर लिखा है. उसकी आईडी के जरिए उसका नंबर निकाला गया और टावर लोकेशन सर्च कर पुलिस की टीम उसके घर जा पहुंची. वहां उसके मां-बाप और अन्य लोग थे. इन लोगों ने बताया कि वह सामान खरीदने की बात कह कर निकला है और काफी देर से लौटा नहीं है.
तुरंत उसके दोस्तों और अन्य संबंधियों से जानकारी ली गई और उसके संभावित ठिकाने पर तलाशी शुरू की गई. बरुआपाड़ा में उसके एक फ्लैट के बारे में जानकारी मिली जिसके बाद पुलिस वहां पहुंची. फ्लैट का दरवाजा अंदर से बंद था, जिसे तोड़ा गया तो वह अचेत हालत में पड़ा मिला. आसपास पेस्टिसाइड पड़े हुए थे.
इसे भी पढ़ेंः राजनीतिक गंदगी फैलाकर अपने खिलाफ चुनाव लड़े विधायकों पर ही डोरे डाल रही बीजेपी: हेमंत सोरेन
उसे तुरंत उठाकर एसएसकेएम ले जाया गया जहां इलाज के बाद उक्त व्यक्ति स्वस्थ हो गया है. पता चला है कि वह बांग्ला फिल्मों के लिए स्क्रिप्ट लिखता है. उसकी गर्लफ्रेंड के साथ लड़ाई हुई थी जिसके बाद उसने फेसबुक पर अपने सुसाइड करने की घोषणा की थी और घर से गायब हो गया था. उसकी काउंसलिंग की गई है और समझा-बुझाकर परिवार को सुपुर्द कर दिया गया है.
इसे भी पढ़ेंः Corona Update: झारखंड में कोरोना से दसवीं मौत, रिम्स के कोविड वार्ड में महिला ने तोड़ा दम




