Court NewsJharkhandRanchi

राज्य के 18 बार एसोसिएशन के चुनाव की तैयारी, स्टेट बार काउंसिल की बैठक में हुई चर्चा

Ranchi : झारखंड स्टेट बार काउंसिल एग्जीक्यूटिव कमेटी की बैठक शनिवार को हुई. बैठक में 18 बार एसोसिएशन के चुनावों पर चर्चा हुई. जहां चुनाव होने हैं उनमें पाकुड़, घाटशिला, चाईबासा, महागामा, सरायकेला, रामगढ़, हुसैनाबाद, हजारीबाग, गिरिडीह, गढ़वा, दुमका, धनबाद, डाल्टनगंज, बोकारो आदि शामिल है. बैठक में निर्णय लिया गया कि जल्दी ही इन स्थानों के बार के चुनाव के लिए प्रक्रिया शुरू की जायेगी.

इसके अलावा बार काउंसिल के भवन के लिए किस तरह फंड जुटाया जाये इस पर भी चर्चा हुई. बैठक में काउंसिल के मीडिया प्रभारी संजय विद्रोही काउंसिल के खाली पदों सहित कुछ अन्य मुद्दों को भी उठाना चाहते थे लेकिन एग्जीक्यूटिव कमेटी के अन्य सदस्यों के विरोध को देखते हुए उन्होंने उन मुद्दों को नहीं उठाया.

रांची बार एसोसिएशन में भी जल्द होंगे चुनाव

रांची जिला बार एसोशिएशन का दो वर्षीय कार्यकाल अप्रैल में समाप्त हो रहा है. इसके मद्देनजर यहां भी जल्दी ही चुनाव की प्रक्रिया शुरू होगी. बार काउंसिल की ओर से जल्द ही इस संबंध में चुनाव कमेटी के सदस्यों के नाम आमंत्रित किए जायेंगे. कमेटी ही बार एसोसिएशन के चुनाव की प्रक्रिया को आगे बढ़ायेगी. दूसरी ओर अभी से ही चुनाव की सुगबुगाहट तेज होने लगी है. चुनाव में उतरने वाले संभावित प्रत्याशी अभी से ही अपनी संभावनाओं को तलाश रहे हैं.

आज स्टेट बार काउंसिल की बैठक में काउंसिल के चेयरमैन राजेंद्र कृष्णा, वाइस चैयरमैन राजेश शुक्ला, एग्जीक्यूटिव कमेटी के कन्वेनर गोपेश्वर झा, सदस्य अनिल महतो, परमेश्वर मंडल, धर्मेंद्र नारायण, मृत्युंजय श्रीवास्तव, राधेश्याम गोस्वामी सहित अन्य उपस्थित थे.

Related Articles

Back to top button