
Ranchi: ग्रामीण विकास विभाग ने गांवों में कचरा प्रबंधन शुरू करने की योजना बनायी है. योजना के जरिये गांवों को कचरा मुक्त बनाया जाना है. राज्य की सभी पंचायतों में इस दिशा में काम शुरू हो गया है. सभी जिलों के डीडीसी के माध्यम से पंचायत प्रतिनिधियों को इस संबंध में जानकारी भेज दी गयी है. इसके मुताबिक अब गांवों में सूखे और लिक्विड कचरा के निपटान के लिए सामुदायिक नडेप कम्पोस्ट, वर्मी कम्पोस्ट जैसी योजनाएं ली जायेंगी. 15वें वित्त की राशि का इस्तेमाल इसमें किया जा सकता है.

सभी पंचायतों में 40 कम्पोस्ट पीट
राज्य में 4367 पंचायतें हैं. सभी पंचायतों में हर टोले में एक सामुदायिक नाडेप कम्पोस्ट, वर्मी कम्पोस्ट जैसी योजनाएं ली जानी हैं. गंदे पानी के प्रबंधन के लिए हर टोले में चापानल के पास एक सोख्ता गड्ढा का निर्माण किया जाएगा. जलमीनार के पास भी ऐसा किया जा सकता है. सभी पंचायतों में 40 कम्पोस्ट पीट और सोख्ता गड्ढा बनाना जरुरी है.

50 फीसदी राशि पेयजल और स्वच्छता योजनाओं के लिए
राज्य में पहली बार गांवों में ठोस ( कचरा ) और तरल अपशिष्ट ( गंदा पानी ) के प्रबंधन की योजना बनायी गयी है. ग्रामीण विकास विभाग के निर्देश पर इसके लिए पहल शुरू हुई है. 15वें वित्त की राशि पंचायतों को जारी होने लगी है. इस बार प्रावधान रखा गया है कि 15वें वित्त की राशि के आधे पैसे से पेयजल एवं स्वच्छता संबंधी योजनाओं पर खर्च किया जाएगा जबकि बाकी पैसे से आधारभूत संरचनाएं तैयार की जायेंगी. सोख्ता गड्ढा या कम्पोस्ट पीट वगैरह बनाने में 15वें वित्त की राशि से सामग्री की खरीद की जायेगी. लेबर कास्ट के लिए मनरेगा कन्वर्जेन्स से काम होना है. जिस किसी पंचायत के पास 14वें वित्त का पैसा बचा है, वे भी इस काम में पैसे का उपयोग कर सकते हैं.

साफ सुथरे गांव की पहल
हजारीबाग के अमनारी पंचायत के मुखिय और मुखिया संघ के सचिव अनुप कुमार अभी तक गांवों में कचरा प्रबंधन के बारे में कोई ठोस व्यवस्था नहीं थी. अब सरकार ने पंचायतों के साथ मिलकर इस पर काम करने की योजना बनायी है. गांवों में कम्पोस्ट पीट और दूसरे कार्यों से साफ-सफाई का माहौल बन सकेगा. गांवों में साफ-सफाई के स्तर को बढ़ावा मिलेगा. बीमारियों का खतरा भी कम होगा.




