
Ranchi: स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह में सरकार द्वारा जारी गाइडलाइंस का लगातार उल्लंघन किया जा रहा है. वैसी दुकाने जिन्हें बंद रखना है उन्हें भी सरकार के आदेश की धज्जियां उड़ा कर खोला जा रहा है.
रांची के कोतवाली इलाके में ऐसा ही मामला सामने आया, जहां रविवार को एक कपड़े की दुकान का शटर गिराकर कपड़ों की बिक्री की जा रही थी. दुकान के भीतर दुकान के संचालक के अलावा छह लोग भी मौजूद थे.
इसकी सूचना मिलने के बाद सदर अंचल सीओ प्रकाश कुमार और कोतवाली थानेदार शैलेश कुमार के नेतृत्व में छापेमारी की गई. छापेमारी कर दुकान को फिलहाल सील कर दिया गया है, जबकि एफआईआर दर्ज करने की तैयारी की जा रही है.
पुलिस-प्रशासन को सूचना मिली थी कि चोरी-छिपे दुकानों से थोक में कपड़ों की बिक्री की जा रही है. इस तरह दुकान से संक्रमण फैलने का खतरा बना हुआ है. छापेमारी के बाद अब पुलिस प्रशासन महामारी फैलाने और आपदा प्रबंधन एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज करेगी.




