Crime NewsJamshedpur

लूट की घटना को अंजाम देने वाले गिरोह को पुलिस हिरासत में लेकर कर रही है पूछताछ

Jamshedpur: शहर में लिफ्ट लेकर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह को टेल्को थाना की पुलिस ने छापेमारी कर हिरासत में लिया है जिसमें एक युवती भी शामिल है. गिरोह ने टेल्को में लूट की दो वारदात को अंजाम दिया था और इसी इलाके में लोगों को निशाना बना रहे थे.

गिरोह से पूछताछ में मिली जानकारी के अनुसार, उसके सदस्य चौक-चौराहे पर खड़े रहते थे. कार या दोपहिया वाहन चालक से लिफ्ट मांगते थे. फिर रास्ते में गाड़ी चालक को चाकू या पिस्तौल सटा अपने कब्जे में कर लेते थे. इस गिरोह के सदस्य मोबाइल, पर्स, चेन छीन लेते थे. जबरन एटीएम ले जाते थे. वहां भयादोहन कर एटीएम से रुपये निकलवाते थे.

गिरोह के सदस्य जिस लिफ्ट लिये वाहन में सवार होते थे, उसके पीछे-पीछे गिरोह के दूसरे सदस्य बाइक से चलते थे. वारदात को अंजाम देने के बाद लिफ्ट मांगने वाला बदमाश अपने साथियों के साथ बाइक पर सवार होकर भाग निकलता था.

साकची के काशीडीह में पार्टी मना रहे थे गैंग के सदस्य

साकची के काशीडीह में गिरोह के सदस्यों को पकड़ने को जब पुलिस मौके पर पहुंची तो उस समय गैंग के सदस्यों की पार्टी चल रही थी. बर्मामाइंस की जिस युवती को पुलिस ने हिरासत में लिया है, उसने बताया कि वह अपने प्रेमी का जन्मदिन मनाने वहां पहुंची थी.
टेल्को कालोनी के नीलडीह, संडे मार्केट समेत अन्य इलाकों में पकड़े गये गिरोह के सदस्य लगातार ऐसी वारदात को अंजाम दे रहे थे. कारों को रोक कर गन प्वाइंट पर लूट को अंजाम दे रहे थे. गौरतलब है कि शहर में लिफ्ट मांगकर लूट को अंजाम देने वाले गैंग पहली बार सक्रिय हुए हैं.

Related Articles

Back to top button