DhanbadJharkhand Politics

धनबाद कांग्रेस के नये जिलाध्यक्ष संतोष सिंह का हुआ जोरदार स्वागत

Dhanbad: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने सभी जिलों के लिए अलग-अलग अध्यक्षों के नाम की घोषणा कर दी है. धनबाद जिलाध्यक्ष की कमान संतोष सिंह को मिली है. कांग्रेस जिलाध्यक्ष बनकर धनबाद लौटने पर संतोष सिंह का मंगलवार को जोरदार स्वागत किया गया. यहां बता दें कि धनबाद जिला कांग्रेस के नव नियुक्त जिलाध्यक्ष संतोष सिंह एक जाना-पहचाना नाम तो है ही, संघर्ष, रणनीति, व भाईचारा बनाने में भी माहिर रहे हैं. छात्र जीवन से ही राजनीति में रमे संतोष सिंह ने कोयलांचल में अपने संघर्ष और जद्दोजहद के बूते जो जगह बनाई है, उसका लाभ कांग्रेस को मिलेगा. ऐसी उम्मीद जताई जा रही है.

इसे भी पढ़ें: ढुल्लू महतो के सरेंडर से छूट मामले में सुनवाई 9 दिसंबर को, राज्य सरकार को जवाब के लिए 2 दिन का मिला समय 

मंगलवार को कांग्रेस के नये जिला अध्यक्ष संतोष सिंह दिल्ली से कोलकाता के रास्ते ब्लैक डायमंड ट्रेन से धनबाद रेलवे स्टेशन पहुंचे. रेलवे स्टेशन पर उनके समर्थक भारी संख्या में मौजूद थे. प्लेटफॉर्म से लेकर रेलवे स्टेशन परिसर में मौजूद समर्थकों ने उनके समर्थन में नारेबाजी की. उन्हें फूलमाला व बुके देकर सम्मानित किया गया. रेलवे स्टेशन से संतोष सिंह खुली जीप में सवार होकर निकले. रेलवे स्टेशन रोड स्थित बिनोद बिहारी महतो की प्रतिमा पर सबसे पहले माल्यार्पण किया. इसके बाद डीआरएम चौक पर स्थित बाबा साहेब भीम राव आंबेडकर की प्रतिमा के पास समर्थकों के साथ पहुंचे. वहां प्रतिमा को नमन किया और माल्यार्पण के बाद गांधी सेवा सदन पहुंचे. गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया. इसके बाद समर्थकों के साथ कांग्रेस जिला कार्यालय पहुंचे. मौके पर राशिद रजा अंसारी, सत्पाल सिंह ब्रोका सहित अन्य मौजूद थे.

कोयरीबांध निवासी हैं नए जिलाध्यक्ष

मालूम हो कि नये जिला अध्य्क्ष संतोष सिंह झरिया विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत कोयरी बांध निवासी ऋषिकेश सिंह के पुत्र हैं. वह साधारण व्यवसायी थे. संतोष सिंह का जन्म 20 दिसम्बर 1973 में हुआ. छात्र जीवन में राजनीति ने उन्हें आकर्षित किया और वह उस दलदल में कूद पड़े. हालांकि 1987 में झरिया राजा शिव प्रसाद कॉलेज छात्र संघ का चुनाव जीतने के बाद उन्होंने सभी को अपना मुरीद बना लिया.फिर तो वह आगे बढ़ते ही चले गए. वर्ष 1993 में वह बिहार पीपुल्स पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बने. तब झारखंड अलग राज्य का आंदोलन छिड़ा उफान पर था. संतोष सिंह उस आंदोलन में कूद पड़े. उन्हें जेल भी जाना पड़ा. वर्ष 2000 में जब झारखंड राज्य बना तो वह यूथ कांग्रेस के प्रदेश महासचिव बने. 2009 में जिला कांग्रेस के महासचिव, 2015 में एआईसीसी के सदस्य और इसके बाद 2022 में कांग्रेस के आला कमान ने उन्हें कांग्रेस के तीसरे जिला अध्यक्ष के रूप में कमान सौंप दी है. पहले जिला अध्यक्ष मन्नान मल्लिक थे. इसके बाद ब्रजेन्द्र सिंह जिला अध्यक्ष बनाये गए. फिलहाल ब्रजेन्द्र सिंह धनबाद जिला 20 सूत्री के उपाध्यक्ष सह झारखंड प्रदेश कांग्रेस अनुशासन समिति के चेयरमैन हैं. संतोष सिंह जैसे युवा नेतृत्व की बदौलत धनबाद जिला में कांग्रेस के फलने-फूलने की उम्मीद की जा रही है. वह खुद भी इस बात को लेकर उत्साहित और आशान्वित हैं.

पार्टी को मुकाम तक पहुंचाना एकमात्र ध्येय: संतोष सिंह

कांग्रेस के नए जिला अध्यक्ष संतोष सिंह ने कहा कि आला कमान ने उन पर जो भरोसा किया है, उस पर वह खरा उतरने के लिए दिन-रात मेहनत करेंगे. कहा कि पार्टी को मजबूत करने के लिए 3 महीने का मैप तैयार कर रहे हैं .पार्टी में ज्यादा से ज्यादा लोगों को जोड़ने के लिए बूथ, पंचायत और मंडल स्तर पर काम करेंगे. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में भारत जोड़ो यात्रा ऐतिहासिक कार्यक्रम है. इस यात्रा से करोड़ों लोग जुड़ रहे हैं. यात्रा का उद्देश्य मोदी सरकार की नाकामी व जनता से जुड़े ज्वलंत मुद्दे पर ध्यान केंद्रित करना है.

Related Articles

Back to top button