
Ranchi: गोंदा थाना क्षेत्र हातमा बस्ती जहरीली शराब पीने से हुए सात लोगों की मौत मामले में पुलिस ने कार्रवायी करते हुए एक वृद्ध दंपत्ति छोटन मिर्धा और घुनी मिर्धा को गिरफ्तार किया है. इस दंपत्ति पर मरने वाले सभी सात लोगों को जहरीली शराब पिलाने का आरोप है. जानकारी के अनुसार इस दंपत्ति को पहले से यह पता था की शराब में कुछ खराबी है, क्योंकि शराब कारोबारियों ने जब उनके पास शराब पहुंचाई उस समय शराब से अलग तरह की गंध आ रही थी. गंध को सूंघकर छोटन मिर्धा को यह महसूस भी हुआ था कि इस शराब में कुछ खराबी है, इसके बावजूद उसने बस्ती के लोगों को शराब परोसा. जिसकी वजह से सात लोगों की मौत हो गई.
इसे भी पढ़ें: उत्पाद विभाग में 56 पुलिसकर्मियों की प्रतिनियुक्ति, देखिये पूरी लिस्ट
हरिओम साहू करता है शराब सप्लाई
छोटन मिर्धा ने पुलिस को बताया कि उसके पास शराब की सप्लाई हरिओम साहू करता है. वह हर दिन उन्हें बस्ती में शराब पहुंचा दिया करता है. इस दंपत्ति को जब यह मालूम चला कि शराब जहरीली है और उसे पीकर लोगों की मौत हो रही है, तब उन्होंने बची हुई जहरीली शराब को हात्मा बस्ती से बाहर फेंकवा दिया.
इसे भी पढ़ें: झारखंड में 56 करोड़ व धनबाद में 10 करोड़ का कारोबार हुआ प्रभावित
शराब के पीने से आरोपी दंपति के बेटे की भी हो चुकी है मौत
बस्ती के लोगों ने बताया कि 7 लोगों की मौत की घटना के दो दिन पहले ही छोटन मिर्धा का बेटा विजय मिर्धा की भी मौत हुई थी. उसकी मौत भी जहरीली शराब पीने की वजह से ही हुई थी. इस बात का किसी को पता नहीं चले, इसलिए आनन-फानन में छोटन मिर्धा ने अपने बेटे का दाह संस्कार कर दिया था. वहीं, छोटन मिर्धा की पत्नी इससे साफ इंकार कर दी और बताया कि बेटे की मौत बीमारी की वजह से हुई थी.




