NEWSWING
Ranchi, 22 October : प्रधानमंत्री आवास योजना में रांची जिले की बहुत ही बुरी स्थिति है. आवास योजना में रांची फिसड्डी साबित हो रहा है. इस योजना के तहत रांची को कुल 8559 आवास बनाने का लक्ष्य दिया गया था. लेकिन अबतक सिर्फ 233 आवास ही पूरे हो पाये हैं. अपने लक्ष्य को पूरा करने में रांची जिला नाकाम साबित हो रहा है. तीन फीसदी ही काम पूरे हुए हैं. सबसे आश्चर्य की बात यह है कि इटकी प्रखंड में अब तक खाता भी नहीं खुला है. यहां 233 आवास बनाये जाने हैं. इटकी में भी 233 आवास बनाये जाने का लक्ष्य दिया गया है. जबकि खलारी में 105 और लापुंग में 193 आवास बनने है. अनगडा, बुंडू, नगड़ी और नामकुम में प्रधानमंत्री आवास योजना की स्थिति कुछ अच्छी नहीं है. इन प्रखंडों में भी आवास निर्माण का आंकडा दस तक भी नहीं पहुंच पाया है.
15 नवंबर को दो लाख लोगों का कैसे होगा गृहप्रवेश
सूबे के मुख्यमंत्री राज्य स्थापना के दिन यानि 15 नवंबर को दो लाख घरों का गृहप्रवेश कराने वाले हैं. लेकिन जो हाल आवास बनने का दिख रहा है, लगता नहीं है कि तय सीमा के भीतर आवास तैयार होंगे. रघुवर दास ने पिछले 2 अक्टूबर को 20051 लोगों को गृह सौंपा था. सीएम ने एक साथ सभी घरों का गृहप्रवेश करवाया था. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आवास विहीन लोगों को घर देने के उद्देश्य से एक महत्वकांक्षी प्रधानमंत्री आवास योजना की शुरूआत की थी. साथ ही सभी को 2022 तक घर देने का लक्ष्य भी निर्धारित किया है.
अधिकारी भी मानते हैं काम हो रहा धीमा
रांची के उपविकास आयुक्त शशिरंजन स्वीकार करते हैं कि रांची जिला में प्रधानमंत्री आवास योजना का काम धीमा है. उन्होंने बताया कि रांची में 15 नवंबर के पहले छह हजार आवास निर्माण का कार्य पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है. उन्होंनें यह भी कहा कि कुछ जगहों पर काम देर से शुरू हुआ है. उपविकास आयुक्त ने यह भी कहा कि आवास बनने में देरी की मुख्य वजह मटेरियल का सही समय पर सही तरीके से नहीं मिलना है. उन्होंने कहा कि सटरिंग का काम भी इसी वजह से प्रभावित हुआ है.
किस प्रखंड में कितने घर का लक्ष्य है और कितने का निर्माण हुआ …..
प्रखंड का नाम लक्ष्य कितने बने
अनगड़ा 580 5
बेड़ो 1567 14
बुंडू 632 7
बुढ़मू 775 25
चान्हो 661 24
इटकी 233 00
कांके 373 30
खलारी 105 01
लापुंग 193 01
मांडर 158 09
नगड़ी 347 06
नामकुम 157 04
ओरमांझी 288 53
राहे 148 05
रातू 200 12
सिल्ली 1154 07
सोनाहातु 193 21
तमाड़ 795 09




