
रामगढ़ : डीएवी बरकाकाना में एन.डी. ग्रोवर जयंती एवं बिरसा मुंडा जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय प्राचार्य मोहम्मद मुस्तफा माजिद द्वारा दीप प्रज्वलन एवं पुष्पांजलि अर्पित कर महान विभूतियों को नमन करते हुए हुई।प्रचार्य एमडी मुस्तफा मजीद ने महात्मा नारायण दास ग्रोवर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद सभी शिक्षकों ने प्रिंसिपल के साथ मिलकर महान योद्धा बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि अर्पित की।
विद्यालय परिवार ने दोनों महान व्यक्तित्वों की जीवन शिक्षाओं को याद करते हुए कहा कि एन.डी. ग्रोवर अनुशासन और नैतिक मूल्यों के प्रतीक थे, वहीं बिरसा मुंडा साहस, स्वाभिमान और आदिवासी समाज के उत्थान का प्रखर स्वर थे। कार्यक्रम में नारायण दास ग्रोवर को याद करते हुए विशेष हवन का आयोजन किया गया। शिक्षकों ने एन.डी. ग्रोवर के साथ अपने विचार, बातचीत और अनुभव प्रस्तुत किए । इस अवसर पर शिक्षकों ने भजन भी प्रस्तुत किये।
प्राचार्य मुस्तफा माजिद ने अपने संबोधन में कहा कि, “एन.डी. ग्रोवर के आदर्श और बिरसा मुंडा की देशभक्ति हम सभी को सत्य, साहस और समाजसेवा की राह पर चलने की प्रेरणा देते हैं। ऐसे कार्यक्रम बच्चों में मूल्यों और गौरव का संचार करते हैं।हमें मानवता और सेवा के प्रति समर्पित होना सीखना चाहिए। कम से कम हमें महात्मा गांधी और ग्रोवर से तो सादा जीवन और ईमानदारी की सीख लेनी चाहिए।” कार्यक्रम का समापन शांति पाठ के साथ हुआ। विद्यालय परिसर में उत्साह, प्रेरणा और सांस्कृतिक विविधता का सुंदर संगम देखने को मिला।




