National

डोभाल की तस्वीर पर बोले आजाद- पैसे देकर आप किसी को साथ ले सकते हो

New Delhi : जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 के कई प्रावधान हटाए जाने के बाद राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल की घाटी के कुछ लोगों के साथ बातचीत करते हुए तस्वीर सामने आयी है. इस तस्वीर के सामने आने पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद ने गुरुवार को कहा कि पैसे देकर आप किसी को भी साथ ले सकते हो.

राज्यसभा में विपक्ष के नेता गुलाम नबी आजाद गुरुवार को कश्मीर दौरे पर हैं. लेकिन गुलाम नबी और जम्मू-कश्मीर कांग्रेस के अध्यक्ष गुलाम अहमद मीर को श्रीनगर एयरपोर्ट पर रोक दिया गया है.

गुलाम नबी को वापस दिल्ली भेजा जा रहा है. कांग्रेस के एक नेता ने बताया कि आजाद को श्रीनगर हवाई अड्डे पर रोका गया है और अगले कुछ घंटे के भीतर दिल्ली वापस भेज दिया जायेगा.

राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष और जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री आजाद हाल ही में अनुच्छेद 370 की कई धाराएं खत्म करने और राज्य के दो केंद्रशासित प्रदेशों में बांटने के कदम से पैदा हुए हालात की पृष्ठभूमि में कश्मीर जा रहे थे.

इसे भी पढ़ें- अनुच्छेद 370 हटने के बाद पहली बार आज शाम चार बजे देश को संबोधित कर सकते हैं पीएम नरेंद्र मोदी

कश्मीर की सड़कों पर आम लोगों के साथ घूमते दिखे थे डोभाल

जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 के कई प्रावधान खत्म किये जाने और राज्य को दो केंद्रशासित प्रदेशों में बांटने का कदम उठाए जाने के बाद डोभाल की कश्मीर घाटी के शोपियां में कुछ लोगों के साथ बातचीत करते हुए तस्वीर सामने आई है.

गौरतलब है कि संसद ने मंगलवार को जम्मू कश्मीर को विशेष दर्जा देने संबंधी अनुच्छेद 370 के कई प्रावधानों को समाप्त करने के प्रस्ताव वाले संकल्प और जम्मू कश्मीर को दो केंद्र शासित प्रदेशों जम्मू कश्मीर और लद्दाख में विभाजित करने वाले विधेयक को मंजूरी दे दी.

उधर, राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने जम्मू-कश्मीर को विशेष राज्य का दर्जा देने वाले अनुच्छेद 370 के प्रावधानों को निरस्त करने वाले प्रस्ताव को बुधवार को स्वीकृति प्रदान की.

Related Articles

Back to top button