
Patna: 50 हजार रुपये का इनामी और पटना का कुख्यात अपराधी शंकर यादव उर्फ शंकर राय एसटीएफ के हत्थे शनिवार को चढ़ गया है. शंकर यादव तीन साल से फरार चल रहा था. बिहार से फरार होने के बाद उसने यूपी में अपना ठिकाना बना रखा था. पहचान छिपाकर वह काफी दिन से मुगलसराय इलाके में रह रहा था.
इसे भी पढ़ें : जमशेदपुर के नौ स्कूलों ने डीसी से की जुस्को की शिकायत, कहा-पानी एवं बिजली कर में दिलाएं रियायत
उसकी गिरफ्तारी में एसटीएफ काफी दिन से लगी हुई थी. जब उसके ठिकाने पुख्ता जानकारी एसटीएफ को मिली तब उसे घेरकर दबोच लिया गया. शंकर यादव को फिलहाल एसटीएफ की टीम अपने साथ बिहार लेकर निकली है. मिली जानकारी के मुताबिक कुख्यात शंकर यादव पटना के बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र के दुजरा निवासी छठू राय का बेटा है. उस पर कई आपराधिक मामले दर्ज हैं.
शंकर यादव ने तीन साल पहले 27 मई 2019 को बुद्धा कॉलोनी इलाके के रहने वाले रवि नाम के एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी थी. रवि की हत्या के बाद वह फरार हो गया था. पुलिस ने उसकी काफी तलाश की , लेकिन उसने अपना ठिकाना बदल लिया था. जिसके बाद उस पर पुलिस ने 50 हजार का इनाम रख दिया. शंकर यादव पर हत्या, लूट और रंगदारी के कुल 8 मामले दर्ज हैं. पटना के बुद्धा कॉलोनी थाना में ही 6 मामले दर्ज हैं जबकि 2 मामले एसकेपुरी और एक पाटलिपुत्रा थाने में दर्ज है.
इसे भी पढ़ें : मुठभेड़ के बाद 15 लाख के इनामी रविंद्र गंझू समेत 18 नक्सली जंगल से भागे, पुलिस ने जारी किया फोटो




