ChatraJharkhand

पटेल के आदर्शों को संकल्प के रूप में लेने की जरूरत : डीसी

Chatra : लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर चतरा जिला मुख्यालय में रन फोर यूनिटी का आयोजन किया गया. मौके पर डीसी जितेंद्र कुमार सिंह, एसपी अखिलेश वी वारियर सहित अधिकारियों व बुद्धिजीवियों समेत जिले के हजारों लोगों ने दौड़ लगाई. जिला मुख्यालय स्थित जवाहरलाल नेहरु स्टेडियम में सबसे पहले मौजूद लोगों को देश की एकता एवं अखडंता के लिए शपथ दिलायी गई. इसके बाद शहर में एकता की दौड़ का आयोजन हुआ. उसके बाद जनप्रतिनिधि, प्रशासन, पुलिस व सीआरपीएफ 190 बटालियन के अधिकारी, जवान समेत शहरवासियों व आम लोगों ने दौड़कर एकता का संदेश दिया.

मौके पर डीसी ने कहा कि लौह पुरुष की जयंती पर देश की एकता के लिए लोगों को जागरुक बनाने के लिए रन फोर यूनिटी का आयोजन किया गया है. कहा कि देश जो आज एक धागे में बंधा है, दरअसल लौह पुरुष का ही योगदान है. जिसे यथावत बनाए रखना हमारी आपकी जिम्मेवारी है. डीसी ने कहा कि आज हम मामूली बातों में आपस में उलझकर देश व समाज को तोड़ने में लग जाते हैं. जो कहीं न कहीं लौह पुरुष के सपनोंं पर सीधा आघात है. उन्होंने कहा कि जयंती के मौके पर हमें सरदार बल्लभ भाई पटेल के सपनों को साकार करने के लिए उनके आदर्शों को अपनाने की जरूरत है. हम उनके आदर्शों को संकल्प के रूप में जबतक नहीं लेंगे तबतक उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि नहीं मिलेगी. उधर प्रखंड मुख्यालयों में भी रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया गया. जहां प्रखंड प्रशासन, पुलिस, जनप्रतिनिधियों व स्कूली बच्चों समेत बुद्धिजीवियों ने एकता की दौड़ लगाई.

Related Articles

Back to top button