JharkhandPalamu

पलामू: बैठने के लिए कुर्सी नहीं मिली तो भड़के पंचायत प्रतिनिधि, स्वास्थ्य मंत्री के कार्यक्रम का किया बहिष्कार

Palamu:  पलामू जिले के मनातू में उस समय पंचायत प्रतिनिधि भड़क गये जब उन्हें कार्यक्रम में बुलाकर बैठने के लिए कुर्सियां नहीं दी गयीं. पार्षद, मुखिया सहित अन्य प्रतिनिधियों ने कार्यक्रम का बहिष्कार कर दिया और वहां से निकल गये. पंचायत प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि कार्यक्रम में बुलाकर उन्हें अपमानित किया जाता है. छोटे प्रतिनिधि होने के कारण उनको अपमानित किया जा रहा है.

इसे भी पढ़ेंः सीजेआई ने कहा, वर्तमान समय में  कुछ लोगों और समूहों का व्यवहार आक्रामक नजर आ रहा है

क्यों भड़के पंचायत प्रतिनिधि

दरअसल, झारखंड में पहली बार जिले के मनातू और तरहसी में सहिया के बीच स्मार्ट फोन एवं हेल्थकीट के वितरण को लेकर कार्यक्रम आयोजित किया गया था. इसमें राज्य के स्वास्थ्य मंत्री रामचन्द्र चन्द्रवंशी, जिले के उपायुक्त डा. शांतनु कुमार अग्रहरि और पांकी के विधायक देवेन्द्र कुमार सिंह उपस्थित थे. कार्यक्रम में करीब 200 सहिया के बीच स्मार्ट फोन एवं हेल्थकीट का वितरण किया गया. इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पंचायत प्रतिनिधियों को भी बुलाया गया था. लेकिन कार्यक्रम में पहुंचने पर आयोजकों द्वारा उन्हें कोई तरजीह नहीं दी गयी.

हाल यह था कि कार्यक्रम स्थल पर पंचायत प्रतिनिधियों के लिए कुर्सी तक उपलब्ध नहीं करायी गयी. इससे नाराज प्रतिनिधियों ने कार्यक्रम का बहिष्कार किया और बाहर निकलकर आयोजकों की कड़ी निंदा की. पंचायत प्रतिनिधियों ने कहा कि बीडीओ द्वारा बुलाकर अपमानित किया गया है. उनके बैठने तक की व्यवस्था कार्यक्रम स्थल पर नहीं की गयी.

इसे भी पढ़ेंः गढ़वा: छात्रा की शातिर चाल, सीएसपी संचालक के साथ मिलकर स्कूल के खाते से उड़ाये 6.47 लाख रुपये, दोनों गिरफ्तार

इन्होंने किया कार्यक्रम का बहिष्कार

बहिष्कार करने वाले पंचायत प्रतिनिधियों में मुखिया संघ के पलामू जिला अध्यक्ष उदय सिंह, मनातू की जिला परिषद सदस्य रेणु देवी, प्रमुख ललिता देवी, चक मुखिया दौलती देवी, नौडीहा मुखिया शांति देवी, मझौली मुखिया सच्चिद्रजीत सिंह उर्फ गोपू सिंह, रंगैया मुखिया रामचंद्र भुईयां, पदमा मुखिया प्रमिला देवी एवं डुमरी मुखिया बिशुनदेव सिंह आदि शामिल हैं.

सहिया का दायित्व बढ़ा

स्वास्थ्य मंत्री रामचंद्र चंद्रवंशी ने कहा कि आरोग्य सहिया को मेडिकल कीट प्रदान किया गया. इससे आमलोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिलेगी. आरोग्य सहिया का प्रशिक्षण और उन्हें मेडिकल कीट उपलब्ध होने से शिशु मृत्युदर को कम किया जा सकेगा. प्रसव में भी इनकी भूमिका होगी. उन्होंने कहा कि सरकार के प्रयास से सभी जगहों पर डॉक्टर, नर्स, टेक्निशियन और चालक दिये जा रहे हैं.

सरकार की योजनाओं से कराया अवगत

उन्होंने कहा कि पोखराहा में मेडिकल कॉलेज खुल रहा है. इससे यहां के विद्यार्थी और युवाओं को फायदा मिलेगा. स्वास्थ्य मंत्री ने सरकार के एक रुपये का टोकन मनी पर महिलाओं की रजिस्ट्री, मेडिकल कॉलेज की स्थापना, निःशुल्क गैस वितरण करना, आयुष्मान भारत योजना, शौचालय बनाने आदि सरकार की योजनाओं से लोगों को अवगत कराया. वहीं योजनाओं का लाभ लेने के लिए लोगों से अपील की.

इसे भी पढ़ेंः पलामू: आम की बागवानी बनी आय का जरिया, सामूहिक रूप से 14 एकड़ भूमि पर लगाये गये पौधे, 2020 में आयेगा फल

Related Articles

Back to top button