
Palamu: कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए खाद्यान्न संकट दूर करने का निर्णय लिया गया है. इसके लिए प्रशासन ने सामान्य दिनों से हटकर विशेष व्यवस्था की है.
व्यवस्था के तहत राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम अंतर्गत आच्छादित लाभुकों को अग्रिम रूप से जहां दो माह का खाद्यान्न मिलेगा, वहीं जिले में दाल भात केन्द्र शुरू किया गया है.
23 स्थानों पर केन्द्र संचालित हो रहे हैं और वहां गरीब तबके के लोगों को मुफ्त भोजन कराया जा रहा है.
अप्रैल और मई महीने का राशन एक साथ मिलेगा
राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम अंतर्गत आच्छादित लाभुकों को आगामी दो माह (अप्रैल एवं मई 2020) का खाद्यान्न अग्रिम के रूप में उपलब्ध कराया जायेगा.
इस सिलसिले में उपायुक्त द्वारा निदेश जारी कर दिया गया है. उन्होंने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि संबंधित पदाधिकारी-कर्मी से आवश्यक समन्वय स्थापित करते हुए ससमय खाद्यान्न की उपलब्धता, उठाव, परिवहन एवं वितरण का कार्य सुनिश्चित करें.
संबंधित माह के अग्रिम के रूप में खाद्यान्न वितरित किए जाने हेतु जन वितरण प्रणाली दुकानदारों को देय पीडीएस कमीशन की राशि से संबंधित आवंटन अलग से उपलब्ध कराया जायेगा.
इसे भी पढ़ें : धारा 144 लगते ही जिला प्रशासन ने वाहन पेट्रोलिंग की तेज, सड़कों पर अनावश्यक रूप से घूम रहे लोगों पर कार्रवाई
खाने पीने के सामानों के संकट को देखते हुए लिया गया निर्णय
उपायुक्त ने कहा है कि वर्तमान में भारत सहित संपूर्ण विश्व कोरोना जैसे घातक वायरस के प्रकोप से ग्रसित है.
इस वायरस के प्रकोप को देखते हुए इस बात की आशंका है कि आने वाले दिनों में गरीब-असहाय रोजमर्रा की जिंदगी व्यतीत करने वाले लोगों पर व्यापक कुप्रभाव पड़ेगा, जिससे ऐसे लोगों के समक्ष खाद्यान्न की समस्या उत्पन्न हो सकती है.
साथ ही झारखंड सहित कई राज्यों में अगले कुछ दिनों के लिए लॉक डाउन किये जाने की घोषणा भी की जा चुकी है. इससे लोगों को आवश्यक वस्तुओं (खाद्यान्न) की आपूर्ति में व्यवधान होने की आशंका प्रतीत होती है.
छूटे हुए लाभुकों को भी मिलेगा खाद्यान्न
उपायुक्त ने कहा है कि वैसे व्यक्ति जो राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के अंतर्गत पात्रता की श्रेणी में आते हैं, परंतु रिक्तियां नहीं होने के कारण अच्छादित नहीं हो पाये हैं जिनका ऑनलाइन आवेदन लंबित है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर प्रति परिवार 10 किलोग्राम खाद्यान्न (चावल) एक रुपये प्रति किलोग्राम की दर से उपलब्ध कराया जायेगा.
खाद्यान्न (चावल) का वितरण प्रखंड स्तर पर निगरानी समिति की देखरेख में कराया जायेगा तथा प्राप्त राशि को प्रखंड कार्यालय में जमा करायी जायेगी.
उपयुक्त प्रयोजन हेतु झारखंड राज्य खाद्य एवं असैनिक आपूर्ति निगम लिमिटेड के द्वारा तत्काल राशि उपलब्ध कराई जा रही है.
उपलब्ध करायी गयी राशि का 75 प्रतिशत व्यय हो जाने के उपरांत अतिरिक्त राशि की आवश्यकता होने की स्थिति में जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला प्रबंधक, राज्य खाद्य निगम को अवगत कराना सुनिश्चित करेंगे.
विदित हो कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम अंतर्गत पलामू में राशन कार्ड बनाने हेतु आवेदन रिक्तियों के अभाव में इआरसीएमएस में लंबित है.
संभव है कि इनमें से कई आवेदक सुपात्र श्रेणी के होंगे. वर्तमान स्थिति में यह आवश्यक है कि महामारी की ऐसी विषम परिस्थिति में ऐसे व्यक्तियों को खाद्यान्न मुहैया कराया जाये, ताकि इनके सामने खाद्यान्न की समस्या उत्पन्न नहीं हो.
इधर, जिले के 23 स्थानों पर जिले के गरीब, असहाय लोगों एवं दिहाड़ी मजदूरों के लिए मुफ्त भोजन कि व्यवस्था की गयी है. उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारी को चयनित स्थानों पर खाने-पीने की सामग्रियों की उचित व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया है.
उपायुक्त ने बताया कि जिले में लॉकडाउन होने के कारण ऐसी व्यवस्था की गयी है. उन्होंने कहा कि अपनी आजीविका के लिए दैनिक मजदूरी पर निर्भर रहने वाले गरीबों को इससे फायदा होगा. वो उक्त स्थल पर जाकर भोजन ग्रहण कर सकेंगे.
उन्होंने बताया कि लॉक डाउन होने के वजह से जिले में प्रतिदिन काम करके अपनी जीविका चलाने वाले लोगों को खाने पीने से संबंधित दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था जिसे देखते हुए ये फैसला लिया गया.
इसे भी पढ़ें : #FightAginstCorona : देश के 570 जवाहर नवोदय विद्यालय क्वारंटाइन कैंप के रूप में होंगे इस्तेमाल
इन स्थानों पर मिलेगा भोजन
जिले के छतरपुर प्रखंड में जपला मोड़ के पास वहीं हुसैनाबाद प्रखंड में जपला रेलवे स्टेशन के नजदीक खाने की व्यवस्था की गयी है.
इसके अलावा विश्रामपुर, पाटन, तरहसी, नौडीहा बाजार, हरिहरगंज, पिपरा, मोहम्मदगंज, उंटारी रोड, हैदरनगर एवं पांडू प्रखंड के प्रखंड मुख्यालयों में भोजन की व्यवस्था की गयी है.
इसके साथ ही सदर मेदनीनगर प्रखंड अंतर्गत डाल्टेनगंज रेलवे स्टेशन, मेदिनीनगर सरकारी बस डिपो, मेदनीनगर सदर अस्पताल में खाने पीने की व्यवस्था की गयी है.
वहीं डाल्टनगंज रेलवे स्टेशन पर रात में भी खाने की व्यवस्था रहेगी. इसके अलावा चैनपुर, पंडवा ,पांकी, लेस्लीगंज, मनातू, सतबरवा, नवाबाजार के प्रखंड मुख्यालयों में भी गरीबों के लिए भोजन की व्यवस्था की गयी है.
इसे भी पढ़ें : हंतावायरस : नाहक घबराहट और भय से बचिए




