
Palamu : पलामू जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र के बभंडी गांव में एक महिला और उसकी तीन वर्षीया बेटी की लाश गांव के कुएं से बरामद की गयी है. सोमवार की अहले सुबह महिला घर से शौच के लिए निकली थी. परिजन उसकी तलाश कर रहे थे कि अचानक कुएं में महिला और उसकी तीन वर्ष की बेटी की लाश देखी गयी. शुरूआती जांच में पुलिस आत्महत्या का मामला मानकर छानबीन में जुटी है. दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीनगर एमएमसीएच में लाया गया है.
महिला की पहचान छत्तरपुर थाना क्षेत्र के चराई पंचायत के बभंडी निवासी बिरेन्द्र यादव की 28 वर्षीय पत्नी चंचला देवी और तीन वर्षीय पुत्री पिंकी कुमारी के रूप में हुई है. दोनों की लाश घर के पास से दो सौ मीटर की दूरी पर स्थित बिस्फुटा कुएं में पड़ी हुई थी. महिला द्वारा कुएं में कूदकर आत्महत्या कर लेने की चर्चा है.
इस सम्बंध में मृतक के पति बिरेन्द्र ने बताया कि उसकी पत्नी की दिमागी हालत ठीक नहीं थीं. इसका इलाज चल रहा था. सुबह लगभग 4 बजे शौच करने निकली थी. उसके बाद से उसका कुछ अता पता नहीं चल रहा था. खोजबीन की जा रही थी. इसी क्रम में गांव के ही एक ग्रामीण ने सूचना दी कि बिस्फुटा कुंआ में शव दिख रहा है.
घटना की सूचना पर छत्तरपुर थाना प्रभारी शेखर कुमार दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. शव को कुएं से निकाल कर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीनगर एमएमसीएच में भेज दिया. थाना प्रभारी ने बताया कि शुरूआती जांच में आत्महत्या का मामला सामने आ रहा है. किस कारण से महिला ने आत्महत्या की है, इस मामले में जांच चल रही है. इस बारे में पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही ठोस जानकारी दी जाएगी.




