Uncategorized

BSF ने पंजाब में पाकिस्तानी घुसपैठिए को मार गिराया

चंडीगढ़: घुसपैठ की कोशिश को विफल करते हुए सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों ने उत्तरी पंजाब में एक पाकिस्तानी घुसपैठिए को मार गिराया।

घटना पठानकोट जिले के डिंडा बार्डर आउट पोस्ट (बीओपी) के पास बामियाल सेक्टर में हुई।

यह घटना पंजाब के शहर अमृतसर में आयोजित दो दिवसीय ‘हार्ट ऑफ एशिया’ (एशिया का दिल) सम्मेलन वाले दिन हुई है। घुसपैठ घटनास्थल से लगभग 100 किलोमीटर दूर हुई है।

अंतर्राष्ट्रीय स्तर के कई प्रमुख नेताओं के इस सम्मेलन में भाग लेने के कारण अमृतसर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है।

घुसपैठिया लगातार चेतावनी देने के बाद भी भारतीय सीमा के बाड़े के पास आ गया, जिसके बाद उसे मार गिराया गया।

पठानकोट हमले की जांच करने वाली राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने भी इस बात का खुलासा किया था कि डिंडा बॉर्डर आउट पोस्ट के पास से आतंकवादियों ने भारत में प्रवेश किया।

दीनानगर (27 जुलाई 2015) और पठानकोट (2 जनवरी 2016) हमले के बाद बीएसएफ जवान और ज्यादा चौकन्ने हो गए हैं और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

‘हार्ट ऑफ एशिया’ अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन युद्ध-ग्रस्त अफगानिस्तान में शांति व स्थिरता के लिए है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अफगानिस्तान के राष्ट्रपति अशरफ गनी शाम में अमृतसर पहुंचने वाले हैं।

विदेश मंत्रालय के एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया कि दोनों नेता संयुक्त रूप से हार्ट ऑफ एशिया-इस्तांबुल प्रॉसेस की मंत्री स्तरीय वार्ता का उद्घाटन करेंगे, जिसमें 14 देश भाग ले रहे हैं। इसमें विदेश मंत्रियों व अधिकारियों सहित 40 अंतर्राष्ट्रीय गणमान्य शिरकत कर रहे हैं।

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री के विदेश मामलों के सलाहकार सरताज अजीज मंत्रीय सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए रविवार को पहुंचेंगे। वह उसी दिन लौट जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button