
NewDelhi : गुरुवार सुबह छुट्टी पर भेजे गये सीबीआई चीफ आलोक वर्मा के घर के बाहर से चार संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिये जाने की खबर है. आश़्चर्य की बात है कि इन चारों के पास आईबी के कार्ड मिलने की बात कही गयी है. हालांकि ये आईबी के असली अधिकारी हैं, अभी यह साफ नहीं हुआ है. खबरों के अनुसार चारों देर रात आलोक वर्मा के घर के बाहर घूम रहे थे. इस क्रम में सीबीआई विवाद को लेकर केंद्र सरकार पर हमलावर होते हुए कांग्रेस ने वर्मा की जासूसी कराये जाने का आरोप लगाया है. जानकारी के अनुसार बुधवार देर रात चार लोग दो गाड़ियों में सवार होकर आये. वे आलोक वर्मा के आवास के बाहर चक्कर काटने लगे.
इसे भी पढ़ें : सीबीआई में कौन था माल्या का मददगार? राकेश अस्थाना की जांच से सच सामने आ सकता था
कुछ देर तक सुरक्षाकर्मियों और उनमें झड़प भी हुई
बता दें कि इनकी गतिविधियों पर आलोक वर्मा की सुरक्षा में तैनात अफसरों को शक हुआ. उसके बाद जब सुरक्षाकर्मियों ने उनको पकड़ने की कोशिश की, तो वे भागने की कोशिश करने लगे. कुछ देर तक सुरक्षाकर्मियों और उनमें झड़प भी हुई. सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें पकड़कर दिल्ली पुलिस के हवाले कर दिया. फिलहाल उन चारों से पूछताछ की जा रही है. सूत्रों के अनुसार पूछताछ के दौरान उन्होंने खुद को इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) से होने का दावा किया. हालांकि, अभी तक उनमें से किसी की पहचान नहीं की जा सकी है.
आखिर ये चारों कौन हैं और वर्मा के घर के बाहर क्या कर रहे थे, अभी यह पता नहीं चल पाया है. उनके पास मिले पहचान पत्र के अनुसार चारों आईबी के अधिकारी हैं. इनके नाम धीरज, प्रशांत, विनीत बताये जा रहे हैं. सूत्रों के अनुसार पुलिस उनके पहचान पत्रों की जांच कर रही है.




