JharkhandRanchi

मुंह पर हाथ रख चुप कराने का मामला पहुंचा राष्ट्रीय महिला आयोग

Ranchi: विरोध-प्रदर्शन के दौरान भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष आरती कुजूर के मुंह पर हाथ रख चुप कराने का मामला राष्ट्रीय महिला आयोग पहुंच गया है. आरती ने आयोग से इसको लेकर लिखित शिकायत की है.

शिकायती पत्र में आरती कुजूर ने इस घटना को कांग्रेस नेता द्वारा की गयी बदसलूकी बताया है और महिला आयोग की अध्यक्ष से त्वरित कार्रवाई की मांग की है.

शिकायत में कहा गया है कि हरियाणा में वहां के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा के द्वारा स्वयं ट्रैक्टर में बैठकर महिलाओं से ट्रैक्टर को खिंचवाया गया, जिसके विरोध में झारखंड में भाजपा के प्रदेश महिला मोर्चा ने 11/3/21 को शिवरात्रि के दिन रांची स्थित कांग्रेस कार्यालय के बाहर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया.

आरती ने कहा है, ‘मेरे नेतृत्व में ये प्रदर्शन जो लोकतांत्रिक तरीके से अत्यंत ही शांतिपूर्ण था, कांग्रेस के पदाधिकारियों और कार्यकर्त्ताओं को रास नहीं आया और उन्होंने मेरे साथ बदसलूकी कर दी. मुझे पूरे प्रदर्शनकारियों के समक्ष अभद्र भाषा और तुम कहकर जाने के लिए बोला गया.  इसके साथ ही कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता आलोक दुबे ने अचानक मेरे करीब आकर मेरे मुंह पर हाथ रखकर चुप रहने को कहा जो कि अत्यंत  अशोभनीय और अमर्यादित  कृत्य है. मैं इस व्यवहार से अत्यंत आहत हुई हूं.’

अपने शिकायती पत्र के साथ आरती कुजूर ने घटना के वीडियो क्लिप और तस्वीर भी ईमेल के जरिए महिला आयोग को भेजी है.

इसे भी पढ़ें- Video: बैलगाड़ी में बैठे थे विधायक जी, उत्साह में खड़े हो गये, फिर गिर पड़े… धड़ाम!

Related Articles

Back to top button