
Palamu : पांच दिनों तक चलने वाली दीवाली महोत्सव आज से शुरू हो गया है. पहले दिन भगवान धनवंतरि की पूजा हुई. मान्यता है कि भगवान धनवंतरि साल भर सबों को निरोग रखते हैं और घर में खुशहाली आती है. इसके साथ ही धनतेरस पर बाजारों में खरीददारी शुरू हो गयी है.
पलामू जिले के बाजारों में खास रौनक दिख रही है. जानकारों के अनुसार इस साल धनतेरस पर पलामू में 10 से 15 करोड़ रुपये तक के कारोबार का अनुमान है. सोना-चांदी ऑटो मोबाइल्स, इलेक्ट्रॉनिक्स, कैमरा, कंप्यूटर, लैपटॉप, मोबाइल, बरतन आदि के बाजार गुलजार दिखायी पड़ रहे हैं. भीड़-भाड़ से बचने के लिए बड़ी संख्या में लोगों ने एडवांस बुकिंग करा रखी है. व्यापारियों ने भी ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए सेगमेंट में आकर्षक स्कीम चला रखा है.
महिंद्रा एंड महिंद्रा के अधिकृत विक्रेता आनंद मोटर्स में कंपनी की ओर से मिलने वाले डिस्काउंट के अलावा 1 से 10 हजार रुपये तक के कूपन भी मिल रहे हैं. यहां ग्राहकों को बैंडबाजे की धुन के साथ वाहनों की डिलवरी की जा रही है. अन्य प्रतिष्ठानों में भी ग्राहकों को आकर्षक ऑफर दिये जा रहे हैं.




