Uncategorized

10 करोड़ से ज्यादा हो गये हैं रिलायंस जियो के ग्राहक : अंबानी

मुंबई: रिलायंस इंडस्ट्रीज (आरआईएल) के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक मुकेश अंबानी ने मंगलवार को कहा कि रिलायंस जियो के ग्राहकों की संख्या 10 करोड़ का आंकड़ा पार कर गई है। अंबानी ने मीडिया से कहा, “जियो को पिछले साल पांच सितंबर को लांच किया गया था और केवल 170 दिनों में हमने 10 करोड़ ग्राहकों के आंकड़े को पार कर लिया है। यह उपलब्धि भारत और भारतीयों की है।”

उन्होंने कहा कि जियो औसतन हर सेकेंड अपने नेटवर्क पर सात ग्राहकों को जोड़ता है।

उन्होंने कहा, “यह दुनिया में कहीं भी किसी भी प्रौद्योगिकी कंपनी की स्वीकृति का एक अभूतपूर्व स्तर है।”

अंबानी ने कहा कि रिलायंस जियो के शुरू होने से पहले भारत डेटा पेनिट्रेशन के मामले में 150वें स्थान पर था। अब यह पहले स्थान पर है।

उन्होंने कहा, “जियो के ग्राहकों ने 100 करोड़ गीगा बाइट डेटा का उपभोग किया है। मोबाइल डेटा के प्रयोग के मामले में आज भारत दुनिया में नंबर एक है।”

अंबानी ने कहा कि 2017 के अंत तक देश की 99 फीसदी आबादी जियो के नेटवर्क के दायरे में होगी, जिसमें देश के सारे शहर, कस्बे और गांव शामिल होंगे।

उन्होंने ध्यान दिलाया कि कंपनी ने अपने प्रतिस्पर्धियों के मुकाबले 4जी स्टेशनों की संख्या दोगुनी कर ली है।

उन्होंने जियो के ग्राहकों के लिए अगले 12 महीने के लिए किफायती सदस्यता योजना की घोषणा की। इससे दूरसंचार कंपनियों के बीच प्रतिस्पर्धा और बढ़ने की संभावना है।

उन्होंने कहा, “जियो प्राइम सदस्यता योजना के तहत 99 रुपये का शुल्क एक बार चुकाने पर एक साल तक इसके फायदे मिलेंगे। इसके लिए सदस्यता एक मार्च से 31 मार्च तक हासिल की जा सकती है। इसकी सदस्यता लेने पर अगले 12 महीनों के लिए असीमित फायदे मिलेंगे।”

साल 2018 के मार्च महीने के बाद जियो प्राइम के सदस्यों को अगले एक साल तक सेवा शुल्क के रूप में 303 रुपये प्रति माह चुकाने होंगे।

इसके अलावा, उन्होंने कहा कि जो लोग प्राइम सदस्यता नहीं लेंगे उनके लिए कंपनी एक अप्रैल को टैरिफ प्लान की घोषणा करेगी।

अंबानी ने कहा जियो के टैरिफ प्लान में प्रतिद्वंद्वी कंपनियों की तुलना में 20 फीसदी अधिक डेटा मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button