
Palamu : पलामू और गढ़वा के सीमावर्ती मोहम्मदगंज में इन दिनों जंगली हाथियों का आतंक है. हाथी लगातार मुसीबत बन रहे हैं. पशुओं को पटक-पटक कर मार दे रहे हैं, वहीं फसलों को भारी नुकसान पहुंचा रहे हैं.
इससे किसान भयभीत हैं, वहीं वन विभाग के प्रति उनमें भारी गुस्सा देखा जा रहा है. कार्रवाई करने के बजाए वन विभाग के पदाधिकारी किसानों से मिलकर केवल क्षति की जानकारी लेकर अपने कर्तव्यों की इतिश्री कर ले रहे हैं.
गाय को कुचलकर मार डाला
मोहम्मदगंज थाना क्षेत्र से सटे वन क्षेत्र के गांवों में हाथी का आतंक लगातार जारी है. इससे पशुपालकों की नींद उड़ गयी है. वहीं हाथियों के विचरण पर तत्काल रोक नहीं लगाये जाने की स्थिति में किसान भी इन दिनों भयभीत हैं.
मुखिया पंचम खान ने बताया कि कासीशोत जलाशय व इससे सटे पहाड़ी व वन क्षेत्र में हाथियों को लगातार देखा जाता है. आजाद नगर बटउआ गांव के प्रमोद चैहान की गाय को हाथी ने पटककर मार डाला. पशुपालक के अनुसार हाथी के गांव में आते ही झाला में बंधे सभी मवेशी भाग गये. पर एक गाय ने हाथी की चपेट में आकर दम तोड़ दिया.
हालांकि इस संबंध में वन विभाग के अधिकारियों को लगातार सूचना दी जा रही है. बावजूद वन कर्मियों की उदासीनता व लापरवाही का खामियाजा क्षेत्र के पशुपालक, ग्रामीणों व किसानों को भुगतना पड़ रहा है. मुखिया ने इनके हित में जिला प्रशासन से फौरी कार्रवाई करने की मांग की है.
इसे भी पढ़ें- बिना टेंडर के ही बोकारो डीसी आवास में बन गया 40 लाख का गौशाला, सचिव ने कहा जांच और कार्रवाई होगी
नदीपर और गोलापथर गांव में हाथी मचा चुके हैं उत्पात
इससे पहले हाथी ने मोहम्मदगंज के नदीपर गांव में इसी सप्ताह जमकर उत्पात मचाया था. झुबल यादव की दो गाय को पटक कर मार डाला. इसी दौरान धान के खेत रौंदने के क्रम में पटवन को लेकर लगाये गये मोटर व सेक्शन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया.
किसान धनंजय कुमार ने बताया कि इसकी सूचना देने वन विभाग कार्यालय में गये, मगर वनकर्मियों की उपस्थिति नदारद रही. राजद नेता पचू रजवार ने दूरभाष पर वनकर्मियों से बात की. वनकर्मियों ने आवेदन व फोटो दिये जाने पर मुआवजा मिलने का आश्वासन पशुपालक व किसान को दिया है.
उधर, गोलापथर गांव में नदीपर गांव की घटना के अगले दिन हाथी आ धमके और एक भैंस को पटक कर मार डाला. कुछ अन्य मवेशियों ने तो भाग कर अपनी जान बचायी. मवेशी पालक विनय के मुताबिक अन्य मवेशी झाला से भाग निकले, अन्यथा कुछ और मवेशी हाथी के आतंक का शिकार हो जाते.
उन्होंने कहा कि हाथी के उत्पात की खबर जब समाचार पत्रों में छपती है तो कुछ वनरक्षी क्षेत्र में पहुंच कर स्थिति का जायजा लेते हैं. मवेशी पालक व किसानों को क्षति की भरपाई मुआवजा से होने व एक अन्य टीम के आने के बाद हाथी के आतंक पर काबू पाने का आश्वासन क्षेत्र के लोगों को दिया जाता है.
इसे भी पढ़ें- पलामू : टली मॉब लिंचिंग की घटना, नाबालिग लड़की को भगा रहे युवक की जमकर पिटाई, गंभीर
हाथियों को ऐसे भगायेगा त्वरित प्रतिक्रिया दल
हाथियों के बढ़ते उत्पात को देखते हुए गांव वालों की सुरक्षा के लिए त्वरित प्रतिक्रिया दल को बंगाल से बुलाया गया है. यह दल हाथियों को गांव से निकालकर गांव वालों को राहत पहुंचायेगा.
दल के सदस्य अर्जुन कर्मकार का कहना है कि उतरी वन प्रमंडल पदाधिकारी पलामू के आदेश पर उनका पांच सदस्यीय दल बांकुड़ा, पश्चिम बंगाल से मोहम्मदगंज आया है. इस दल में उनके अलावा विजय हेम्ब्रम, सोमलाल हांसदा, संजय हेम्ब्रम और मदन हांसदा शामिल हैं. यह काम इन्हें गैर सरकारी तौर पर सौंपा जाता है.
इन सदस्यों ने पहले भी झारखंड के विभिन्न जंगलो में इस कार्य को सफलता पूर्वक अंजाम दिया है. दल के सदस्य मशाल के साथ उत्पाती जंगली हाथी की खोज में उसके संभावित ठिकानों की ओर भ्रमण में निकलते हैं.
मशाल की सहायता से ये हाथी को एक क्षेत्र से दूसरे जंगल मे खदेड़ देंगे. जबतक इसमें उन्हें सफलता नहीं मिल जाएगी वे इस कार्य मे जुटे रहेंगे. वर्तमान में इस हाथी का ठिकाना काशी शोत डैम व आस-पास का क्षेत्र बना हुआ है.
इसे भी पढ़ें- झारखंड में मोबाइल की बिक्री में भारी कमी, अगस्त में 183 की जगह 120 करोड़ के मोबाइल ही बिके (जानें पूरा आंकड़ा)
त्वरित प्रतिक्रिया दल को काम पर लगाया गया है: रेंजर
वनक्षेत्र पदाधिकारी अरुण कुमार का कहना है कि हाथी को भगाने के लिए त्वरित प्रतिक्रिया दल काम पर लगा दिया गया है. वहीं जिन किसानों व पशुपालकों को हाथी ने क्षति पहुंचाया है उसका आकलन कर लिया गया है. उन्हें जल्द ही मुआवजा का भुगतान करा दिया जायेगा.
गौरतलब है कि विगत छह माह से काशी शोत डैम व निकटवर्ती जंगल हाथी की शरण स्थल बना हुआ है. शाम ढलने के बाद हाथी गांव में आ धमकते हैं. हाथी को देखकर ग्रामीण किसी तरह भागकर अपनी जान बचा लेते हैं, लेकिन पशु मारे जाते हैं. खेतों में लगी फसल को नुकसान पहुंचता हैं.




