
Palamu : पलामू जिले में एक बार फिर सड़कों पर रफ्तार का कहर देखने को मिला. गुरुवार की रात शादी समारोह से लौट रहे दो युवकों की सड़क हादसे में मौत हो गई. दोनों एक मोटरसाइकिल पर सवार थे. अज्ञात वाहन उन्हें धक्का मारते हुए भाग निकला. हादसा पलामू जिले के हरिहरगंज थाना क्षेत्र के भगत तेंदुआ सहारा होटल के समीप एनएच 98 डाल्टनगंज – औरंगाबाद मुख्य पथ पर हुआ.
2 घंटे जाम रहा है एनएच 98
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे और गति सीमा निर्धारित करने की मांग को लेकर एनएच 98 को सुबह 2 घंटे तक जाम रखा. इस दौरान सड़क की दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लगीं रहीं. लोग परेशान रहे. जाम की सूचना पर पूर्व विधायक कुशवाहा शिवपूजन मेहता, समाजसेवी राजीव रंजन, हरिहरगंज बीडीओ जागो महतो व पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी वंश नारायण सिंह जाम स्थल पर पहुंचकर लोगों से वार्ता कर जाम हटाया.
दो मृतक हरिहरगंज के सरसोत गांव के निवासी
घटना गुरुवार की रात्रि करीब 10 बजे की है. मृतकों की पहचान हरिहरगंज के सरसोत गांव निवासी 30 वर्षीय मंदीप ठाकुर व 40 वर्षीय अजय कुमार मेहता के रूप में हुई है.
इसे भी पढ़ें : पीएलएफआई ने चाय-पकौड़ी बेचने वाले से मांगी पांच लाख की लेवी




