JharkhandPalamu

पलामू: सतबरवा स्वास्थ्य केंद्र के मेन गेट पर जाम में फंसी एंबुलेंस, छात्रा की मौत

Palamu: पलामू जिले के सतबरवा स्वास्थ्य उप केंद्र के मुख्य गेट पर खड़ी दो पहिया वाहन के हटने के इंतजार में एक एंबुलेंस जाम में फंसी रही जिसके कारण जिले के पाटन के सगुना गांव की इंटर की छात्रा सकीना खातून की मौत हो गयी. बताया जाता है कि बुधवार शाम 3.30 बजे के करीब 15 मिनट तक एंबुलेंस स्वास्थ्य केंद्र के मुख्य गेट पर जाम में फंसी रही.

मेदिनीनगर सदर अस्पताल से सांस की तकलीफ होने पर छात्रा को रांची रिम्स रेफर किया गया था. रांची जाने के क्रम में विशेष परिस्थिति में छात्रा को स्वास्थ्य उपकेंद्र सतबरवा में लाया गया. जहां स्वास्थ्य केंद्र के मुख्य गेट पर पहले से दर्जनों दो पहिया वाहन खड़े थे. वाहनों के मालिकों के द्वारा हैंडल को लॉक कर बाजार गए थे. एंबुलेंस 10 से 15 मिनट तक स्वास्थ्य केंद्र के मेन गेट पर फंसी रही और छात्रा की मौत मुख्य गेट पर ही हो गई.

इसे भी पढ़ें:JSSC-JE परीक्षा रद्द करने की मांग को लेकर प्रदर्शन, छात्रों ने प्रश्न पत्र लीक हो जाने का लगाया है आरोप

छात्रा के पिता मुख्तार अंसारी ने बताया कि मेरी पुत्री इंटर की छात्रा थी. कुछ समय से रांची के चिकित्सक हेमंत नारायण के यहां सांस की प्रॉब्लम के कारण इलाज चल रहा था. रांची जाने के क्रम में सतबरवा में बच्ची की तकलीफ अधिक बढ़ गई थी जिसे उप स्वास्थ्य केंद्र सतबरवा में लाया गया था.

मुख्य गेट से जाम हटाने के दौरान योगेन्द्र भुइयां, सब्जी विक्रेता विश्वनाथ साव, आशिक मियां, मुजू मियां ने दो पहिया वाहन को हटाने में काफी मशक्कत की.

इन लोगों ने बताया कि एंबुलेंस जाम में नहीं फंसती तो शायद छात्रा की जान बच सकती थी. मुख्य गेट पर हर समय दो पहिया वाहन खड़े रहते हैं. इस स्थान को पार्किंग के तौर पर लोग इस्तेमाल करते हैं जिसके कारण मरीजों को स्वास्थ्य केंद्र में आने-जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है.

इसे भी पढ़ें:राहतः अब रिम्स में भी जिनोम सीक्वेंसिंग मशीन की सुविधा, कोरोना से जंग में मिलेगी मदद

Related Articles

Back to top button