बानो (सिमडेगा): पूर्व मुख्यमंत्री व झाविमो अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि झारखंड को विशेष राज्य का दरजा मिले तभी झारखंड का समुचित विकास होगा। झारखंड बने 13 साल हो गये, लेकिन झारखंड राज्य का अपेक्षित विकास नहीं हो पाया। वर्तमान सरकार झारखंड को लूटने में लगी है। झारखंड खनिज के मामले में अग्रणी है, लेकिन 13 साल में इस उद्योग को बढावा देने का प्रयास नहीं किया गया। यहां के खनिज पदार्थ को झारखंड से बाहर भेजा जा रहा है। मरांडी बुधवार को बानो जयपाल सिंह मैदान में आयोजित झारखंड विकास मोरचा के संकल्प यात्रा को लेकर बूथ स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन सभा में ग्रामीणों को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि झारखंड में जनता मुख्यमंत्री नहीं बनाती है, बल्कि मुख्यमंत्री कौन बनेगा, इसका निर्णय दिल्ली में बैठे भाजपा व कांग्रेस के नेता तय करते हैं। जनता के विकास के लिए वर्तमान सरकार ध्यान नहीं दे रही है। प्रदेश में भय का माहौल है। चारों ओर लूट खसोट व चोरी डकैती बढ गयी है। सिमडेगा, गुमला हत्या की घटना काफी बढ गयी है। इसे सरकार रोकने में विफल साबित हुई है। मरांडी ने कहा कि प्रदेश में अमन चैन व सुशासन के लिए ही उन्होंने संकल्प यात्रा का आरंभ किया गया है। उन्होंने बताया कि बिना घूस के कोई कार्य नहीं होता है। उनके कार्यकाल में 128 भ्रष्ट पदाधिकारी को जेल भेजा गया था। प्रदेश में कृषि अधारित उद्योग लगाने की आवश्यकता है। उनकी पार्टी लोकसभा में सभी 14 सीटों में चुनाव लड़ेगी। प्रधान महासचिव व विद्यायक दल के नेता प्रदीप यादव नें कहा कि झारखंड को विकास के पथ लाना है तो सभी लोगों को मिल कर प्रयास करना होगा।
कार्यक्रम को आर्शिता कुजुर, मोइन खान, सुनील साहू के अलावा अन्य लोगों ने भी संबोधित किया। आगत अतिथियों का स्वागत संत थॉमस स्कूल के बच्चों ने किया। इस अवसर पर 16 पंचायत के सभी बूथ की समीक्षा की गयी। स्वागत भाषण जिला अध्यक्ष दिलमोहन साहू, धन्यवाद ज्ञापन सुनील साहु व संचालन विनय कश्यप ने किया। कार्यक्रम में माधुरी सोरेंग, मो रफीक, हीरालाल सिंह आदि ग्रामीण उपस्थित थे।
सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता झाविमो में शामिल हुए
रांची। सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता आशुतोष वर्मा ने झाविमो की सदस्यता गहण की है। बोकारो जिला निवासी वर्मा व उनके समर्थकों को बुधवार को पार्टी कार्यालय मे आयोजित एक कार्यक्रम में बाबूलाल मरांडी और प्रदीप यादव ने स्वागत किया। मौके पर पार्टी महासचिव राजीव रंजन प्रसाद और संतोष कुमार भी मौजूद थे। मरांडी ने कहा कि झारखंड की माटी से स्नेह रखने वाले और राज्य को खुशहाली की सोच रखने वाले झाविमो की ओर देखते हैं। वर्मा जैसे लोगों के आने से पार्टी को ताकत मिलेगी। वर्मा के साथ रउफ अंसारी, संजय प्रियदश्री, संतोष कुमार पांडेय, बी सहाय, संजीव कुमार, संजय कुमार, सचिंद्र कुमार, अनिल कुमार, लोकेश श्रीवास्तव, जीतेंद्र कुमार ने झाविमो में शामिल हुए।




