
Palamu: डाल्टनगंज -चैनपुर मुख्य मार्ग पर चैनपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर कोयल पुल की रेलिंग तोड़ते हुए दो वाहन बुधवार की रात नीचे गिर गए.
पुल से करीब 30 फीट नीचे नदी में गिरने पर दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए. इस दौरान पिकअप के चालक और सह चालक के गंभीर रूप से जख्मी हो जाने की सूचना है.
बुधवार की देर रात करीब 12 बजे शाहपुर कोयल नदी पुल पर भीषण सड़क हादसा हुआ. इस दुर्घटना में एक पिकअप और ट्रक पुल की रेलिंग को तोड़ते हुए कोयल नदी में जा गिरे. जानकारी के मुताबिक चैनपुर की ओर से गिट्टी लदा एक ट्रक डालटनगंज की ओर आ रहा था.
इसे भी पढ़ें :म्यांमार के 4 हजार से 6 हजार शरणार्थियों ने भारत में सुरक्षा मांगी
शाहपुर पुल पर पहुंचने पर गाड़ी में किसी तकनीकी खराबी की वजह से वह अनियंत्रित हो गया और रेलिंग को तोड़ते हुए कोयल नदी में जा गिरा. इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही एक पिकअप वैन भी ट्रक के अनियंत्रित होने की स्थिति में खुद को नहीं संभाल सकी और वह भी ट्रक के पीछे जाकर नदी में गिर गई.
रात्रि में चैनपुर पुलिस के चेक नाका पर तैनात जवानों ने बताया कि गाड़ी में आमने सामने टक्कर नहीं हुई है. ट्रक के पिछले हिस्से से पिकअप को झटका लगा और पिकअप भी गिर गई.
इसे भी पढ़ें :अमेरिका ने भारत को 50 करोड़ डॉलर से अधिक की कोविड-19 सहायता दी : व्हाइट हाउस
इस दुर्घटना में किसी पक्ष से कोई हताहत नहीं हुआ. पिकअप में सवार ड्राइवर और खलासी को गंभीर चोट आई है, जिन्हें पुलिस के जवानों द्वारा एमएमसीएच में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है.
वहीं ट्रक के ड्राइवर और खलासी दोनों दुर्घटना के बाद फरार हो गए हैं. गुरुवार की सुबह कोयल नदी पुल पर इस दृश्य को देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी. काफी समय तक वहां जाम की स्थिति भी बनी रही.
बाद में पुलिस जवानों ने लोगों की भीड़ वहां से हटाई और फिर आवागमन सामान्य हुआ. पिकअप में तेल का जरकिन लोड था. बताया जाता है कि मोबाइल टावर में तेल डालने के बाद पिकअप लौट रहा था.
इसे भी पढ़ें :Pm Modi झारखंड समेत दस राज्यों के 54 जिलाधिकारियों से आज करेंगे बात




