
Ranchi : राज्य में 24 जिलों में से मात्र 8 जिलों में ही प्रधान प्रोबेशन पदाधिकारियों के पद सृजित हैं. जो पदस्थापित हैं, उन्हें प्रोन्नति भी नहीं मिल पायी है. इन आठ पदों में पांच पदाधिकारियों में कुछ पिछले माह रिटायर कर गये और कुछ सप्ताह भर में रिटायर हो जायेंगे. इतना मजे की बात यह है कि 28 सालों तक काम करने के बावजूद उन्हें बिना प्रमोशन के ही रिटायरमेंट लेना होगा. उनके परेशानियों को शीतकालीन सत्र में मांडर विधायक बंधु तिर्की ने उठाया था.
क्या पूछा था बंधु ने ?
बंधु ने सरकार से यह भी पूछा था कि प्रोबेशन सेवा कैडर में पद सृजन एवं प्रोन्नति के पद सोपानों का निर्माण किया जायेगा क्या? इस पर गृह विभाग ने कहा कि 1 जून 2015 में प्रोबेशन सेवा के 23 पदों के पद सृजन का प्रस्ताव प्रशासी पदवर्ग समिति को भेजा गया था. जिसमें केवल एक प्रोबेशन पदाधिकारी के पद सृजन के प्रस्ताव को अनुमोदित किया है.
बिहार के स्वीकृत पद सृजन का प्रस्ताव समर्पित किया गया थाः
सरकार की ओर से बताया गया कि झारखंड राज्य प्रोबेशन सेवा संघ के द्वारा बिहार के स्वीकृत पदों के अनुरूप पद सृजन का प्रस्ताव समर्पित किया गया है. जिसकी समीक्षा की जा रही है. इसके लिये कारा महानिरीक्षक को अधिकृत किया गया है. कारा महानिरीक्षक द्वारा प्रस्ताव सौंपे जाने के बाद विभागीय स्तर पर भी इसकी समीक्षा का जायेगी. समीक्षा के बाद ही इस दिशा में आगे की कार्रवाई की जायेगी.
कब कितने पदाधिकारी हुए थे बहाल :
35वीं बीपीएससी : चार
36वीं बीपीएससी : दो
37वीं बीपीएससी : दो
38वीं बीपीएससी : दो
प्रोबेशन पदाधिकारी के कार्य:
ये प्रोबेशन ऑफ ओफेंडर्स एक्ट 1958 के तहत काम करते हैं. -जुवेनाइल जस्टिस एक्ट की जांच, कैदियों को पैरोल देने संबंधित रिपोर्ट बनाना.-राज्य सजा पुनरीक्षण पर्षद ने कैदियों को छोडऩे संबंधी कार्य. सजा देने से पूर्व न्यायालय दंडादेश के संबंध में जांच प्रतिवेदन मांगता है, जो प्रोबेशन पदाधिकारी ही तैयार करते हैं.
- कैदियों की सामाजिक जांच रिपोर्ट तैयार करते हैं.
- कैदियों के न्यायालय संबंधी जांच से संबंधित रिपोर्ट न्यायालय को देते हैं.
- कैदियों के कल्याण से संबंधित विभिन्न कार्य करते हैं.
- कैदियों के बारे में जांच रिपोर्ट कोर्ट मांगता है, जो प्रोबेशन पदाधिकारी ही लिखते हैं.
किन-किन जिलों में हैं प्रोबेशन पदाधिकारी का पदः
बिहार के समय बने पुराने जिलों में ही प्रधान प्रोबेशन पदाधिकारी के पद सृजित हैं. जिन जिलों में प्रधान प्रोबेशन पदाधिकारी के पद हैं उनमें रांची, धनबाद, जमशेदपुर, हजारीबाग, पलामू, दुमका, प सिंहभूम शामिल है.




