
Dhanbad: धनबाद संसदीय क्षेत्र से सिंह मेंशन के सिद्धार्थ गौतम के चुनाव लड़ने के सवाल पर बाघमारा विधायक ढुल्लू महतो ने तंज कसा है. ढुल्लू ने कहा कि मेंशन से कोई टेंशन नहीं है. उनके चुनाव लड़ने से भाजपा प्रत्याशी पीएन सिंह की सेहत पर कोई असर नहीं पड़ेगा. धनबाद सहित गिरीडीह लोकसभा सीट भी भाजपा रिकार्ड मतो से जीतेगी. ढुल्लू महतो ने मंगलवार को यहाँ भाजपा जिला कार्यालय में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया. उन्होंने धनबाद व गिरीडीह की जनता से भाजपा एवं सहयोगी दल आजसू प्रत्याशी के पक्ष में वोट देने की अपील की. बाघमारा विधायक ढुल्लू ने कीर्ति आजाद को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि 10 वर्षो के कार्यकाल में सांसद पीएन सिंह के द्वारा कई विकास के कार्य हुए.
एनडीए सभी 14 सीट जीतेगा
उन्होंने कहा कि लोहरदग्गा, पलामू और चतरा में चुनाव संपन्न हो चूका है. वह तीनो सीट भी भाजपा के खाते में आयेंगी. ढुल्लू ने आगे कहा कि भाजपा बाहरी भीतरी पर विश्वास नहीं करती है. धनबाद संसदीय क्षेत्र से खड़े कांग्रेस प्रत्याशी कीर्ति झा आजाद पर चुटकी ली. उन्होंने कहा भाजपा ऐसे प्रत्याशी को बाहरी इसलिए कह रही है क्योंकि उन्हें यहां का भूगोल नहीं पता. यहां की जनता क्या सोचती है, क्या चाहती यह, उन्हें मालूम नहीं. कांग्रेस के पास आज कोई मुद्दा नहीं है कोई नीति और सिद्धांत नहीं है.
भौरा मामले की निंदा की
भौरा मामले में कहा कि दोषी पर कार्रवाई होनी चाहिए. प्रशासन इस घटनाक्रम में तेजी के साथ कार्रवाई को आगे बढ़ा चुकी है. आतंक फैलाने वालों को भाजपा बर्दाश नहीं करेगी. पत्रकार वार्ता में भाजपा जिला अध्यक्ष चन्द्र शेखर सिंह, मीडिया प्रभारी मिल्टन पार्थ सारथी, भाजपा नेता व टाइगर फोर्स जिलाध्यक्ष धर्मजीत सिंह, पिन्टू अग्रवाल आदि थे.
पीयूष गोयल बुधवार को धनबाद आयेंगे
संवाददाता सम्मेलन में उपस्थित भाजपा जिला अध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह ने बताया कि बुधवार को कोयलामंत्री पीयूष गोयल भुली बुधनी हटिया मैदान में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे.




