
NewDelhi : नवनियुक्त सीबीआई निदेशक ऋषि कुमार शुक्ला ने आज सोमवार को अपना पद संभाल लिया. बता दें कि आलोक वर्मा के ट्रांसफर के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली चयन समिति ने मध्य प्रदेश के पूर्व डीजीपी ऋषि कुमार शुक्ला को सीबीआई का निदेशक नियुक्त किया है. कार्मिक मंत्रालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार मध्य प्रदेश पुलिस के पूर्व प्रमुख ऋषि कुमार शुक्ला को दो साल के लिए सीबीआई का निदेशक नियुक्त किया गया है. ऋषि कुमार शुक्ला 1983 बैच के मध्य प्रदेश कैडर के आईपीएस अधिकारी हैं. मध्य प्रदेश के ग्वालियर निवासी ऋषि कुमार शुक्ला की पहली पोस्टिंग रायपुर में हुई थी. इसके बाद वो दमोह, शिवपुरी और मंदसौर जिले के पुलिस अधीक्षक के रूप में अपनी सेवाएं दी. वो साल 2009 से 2012 तक खुफिया विभाग के एडीजी रहे और फिर जुलाई 2016 से जनवरी 2019 तक मध्य प्रदेश के पुलिस महानिदेशक के रूप में सेवाएं दी. मध्य प्रदेश में कांग्रेस की सरकार आने के बाद उन्हें मध्य प्रदेश पुलिस हाउसिंग बोर्ड का चेयरमैन बना दिया गया था.
ऋषि कुमार शुक्ला ने आलोक वर्मा का स्थान लिया है
ऋषि कुमार शुक्ला ने आलोक वर्मा का स्थान लिया है. आलोक वर्मा को 10 जनवरी को सीबीआई निदेशक के पद से हटा दिया गया था. पीएम मोदी के नेतृत्व वाली चयन समिति की 24 जनवरी और एक फरवरी को हुई दो बैठकों के बाद ऋषि कुमार शुक्ला की नियुक्ति हुई है. चयन समिति की दूसरी बैठक के दौरान सीबीआई निदेशक के लिए ऋषि कुमार शुक्ला को चुना गया. इस समिति में पीएम नरेंद्र मोदी के अलावा लोकसभा में कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे और चीफ जस्टिस रंजन गोगोई शामिल रहे. कांग्रेस नेता ने ऋषि कुमार शुक्ला को सीबीआई का निदेशक बनाए जाने का विरोध किया था. हालांकि चीफ जस्टिस रंजन गोगोई और पीएम मोदी ने 2-1 के बहुमत से ऋषि कुमार शुक्ला को सीबीआई का निदेशक बनाए जाने को मंजूरी दे दी.
इसे भी पढ़ेंः सीबीआई की याचिका पर सीजेआई ने कहा, सबूत मिटाया, तो कोलकाता पुलिस कमिश्नर पछतायेंगे, सुनवाई…




