
NewDelhi : सीबीआई ने आज सोमवार को सुप्रीम कोर्ट में पश्चिम बंगाल प्रशासन के खिलाफ गुहार लगाई. खबरों के अनुसार सुप्रीम कोर्ट ने कोलकाता पुलिस कमिश्नर राजीव कुमार से सीबीआई को सहयोग करने को कहा है बता दें कि सुप्रीम कोर्ट शारदा घोटाला मामले में कोलकाता पुलिस अधिकारियों के खिलाफ अवमानना और इलेक्ट्रॉनिक सबूत नष्ट करने के आरोप लगाने संबंधी याचिका पर मंगलवार को सुनवाई करेगा. सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई के दौरान कहा कि सभी पक्ष कल अपने सबूत पेश करेंगे. कहा कि शारदा मामले में सभी सबूतों, सामग्री को शपथपत्र के माध्यम से पेश किया जाये. इससे पूर्व सीबीआई की याचिका पर सुनवाई के क्रम में सीजेआई रंजन गोगोई ने कहा, यदि कोलकाता पुलिस कमिश्नर ने सबूत नष्ट करने की बात सोची तो वह सबूत अदालत के सामने पेश कीजिए. हम उनपर ऐसी कार्रवाई करेंगे कि उन्हें अफसोस होगा.
ममता बनर्जी का संविधान बचाओ सत्याग्रह जारी
सुप्रीम कोर्ट में सीबीआई की तरफ से सॉलिसिटर जनरल ने आरोप लगाया है कि कोलकाता में रविवार रात वरिष्ठ पुलिसकर्मी वर्दी पहने हुए नेताओं के साथ धरने पर बैठे थे. इस पर सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि शारदा मामले में पश्चिम बंगाल के किसी प्राधिकारी/पुलिस द्वारा सबूत नष्ट करने की कोशिश को साबित करने के लिए सॉलिसिटर जनरल कोर्ट में सबूत पेश कर सकते हैं. सीबीआई का दावा है कि पोंजी घोटालों में उसकी जांच में पश्चिम बंगाल सरकार और राज्य की पुलिस रोड़े अटका रही है. पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का संविधान बचाओ सत्याग्रह आज सोमवार को भी जारी है. वहीं कोलकाता पुलिस कमिश्नर राजीव कुमार सोमवार सुबह ममता बनर्जी से मुलाकात कर धरना-स्थल से चले गये.
विधानसभा में बजट पेश होने के दौरान उपस्थित नहीं रहेंगी ममता
ममता बनर्जी ने आरोप लगाया है कि मोदी सरकार ने संविधान और संघीय ढांचे की भावना का गला घोंट दिया. इस बीच, कांग्रेस सहित अन्य विपक्षी पार्टियां इस मुद्दे पर ममता के समर्थन में उतर आयी हैं. बता दें कि रविवार को मेट्रो सिनेमा के सामने धरने पर बैठने के बाद केंद्र और ममता बनर्जी सरकार के बीच तनाव बढ़ गया है. धरने के कारण मेट्रो सिनेमा के आसपास कुछ जगहों पर वाहनों की आवाजाही पर पाबंदी लगा दी गयी. तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने कहा है कि वह सोमवार को विधानसभा में बजट पेश होने के दौरान उपस्थित नहीं रहेंगी. उससे पूर्व मंच के पीछे बने एक अस्थाई कमरे में कैबिनेट की बैठक होगी.
इसे भी पढ़ें : शारदा चिटफंड घोटाला : राहुल ममता के साथ, पर कांग्रेसी सांसद ने सीबीआई का समर्थन किया




